भोपाल

उज्जैन दुष्कर्म: अस्पताल में अजनबी को देखते ही परेशान हो उठती है नाबालिग पीड़िता, हुई बड़ी सर्जरी

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 28, 2023, 06:19 PM IST

पीड़ित लड़की की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन उसे मानसिक रूप से स्वस्थ होने में अभी लम्बा समय लगेगा।

Image

उज्जैन दुष्कर्म केस

Photo : PTI

Ujjain Rape Case: राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) की एक सदस्य ने गुरुवार को कहा कि उज्जैन में जघन्य बलात्कार की शिकार होने के बाद इंदौर के एक अस्पताल में बड़ी सर्जरी से गुजरी 12 वर्षीय लड़की अस्पताल में किसी अजनबी व्यक्ति को देखते ही परेशान हो उठती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि लड़की की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन उसे मानसिक रूप से स्वस्थ होने में अभी लम्बा समय लगेगा। एनसीपीसीआर की सदस्य (बाल स्वास्थ्य, देखभाल और कल्याण) डॉ. दिव्या गुप्ता इंदौर के शासकीय महाराजा तुकोजीराव होलकर महिला चिकित्सालय पहुंचीं और चिकित्सकों से मिलकर दुष्कर्म पीड़ित लड़की का हाल-चाल जाना।

लड़की का काफी खून बहा, बड़ी सर्जरी हुई

दिव्या गुप्ता एक स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने बताया कि लड़की का काफी खून बहा है और वह बड़ी सर्जरी से गुजरी है। उसे अब तक दो बोतल खून चढ़ाया गया है। हालांकि, अस्पताल में जारी इलाज के चलते उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को हमारे सख्त निर्देश हैं कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को इस लड़की से मिलने की इजाजत नहीं दी जाए क्योंकि अस्पताल में अपने सामने किसी अजनबी व्यक्ति को देखते ही लड़की परेशान हो उठती है। वह इशारों में कहती है कि यह व्यक्ति उससे दूर रहे और उसके कक्ष से तुरंत बाहर निकल जाए।

दिव्या गुप्ता ने कहा कि लड़की की इस स्थिति को देखकर खुद उन्होंने अस्पताल में उससे मुलाकात नहीं की। उन्होंने बताया कि पुलिस की दो महिला आरक्षक सादी वर्दी में बच्ची के पास तैनात हैं। एनसीपीसीआर सदस्य ने कहा कि पीड़ित लड़की एक जनजातीय इलाके की रहने वाली है और उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए हैं कि उसकी सिकल सेल एनीमिया की जांच भी की जाए। दिव्या गुप्ता ने कहा कि एनसीपीसीआर यह सुनिश्चित कर रहा है कि लड़की जल्द से जल्द शारीरिक रूप से स्वस्थ हो जाए, लेकिन मानसिक रूप से स्वस्थ होने में उसे बहुत समय लगेगा।

महिला मनोवैज्ञानिक भी नियुक्त

उन्होंने कहा कि जो उसके साथ घटा है, उसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। दिव्या गुप्ता ने कहा कि लड़की की बेहतरी के लिए एक महिला मनोवैज्ञानिक को भी नियुक्त किया गया है। एनसीपीसीआर सदस्य ने कहा कि नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की घटना समाज को भी आईना दिखाती है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के बाद लड़की बिलखती हुई ढाई घंटे तक उज्जैन की सड़कों पर मदद के लिए भटकती रही। क्या इस दौरान कोई भी व्यक्ति इस बच्ची की मदद के लिए आगे नहीं आ सकता था?

गुप्ता राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि मध्यप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में फायदा उठाने की नीयत से लड़की से बलात्कार के मामले का राजनीतिकरण किया जा रहा है और कांग्रेस की ओर से भाजपा से राजनीतिक दुश्मनी निकालने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दुष्कर्म के बाद नाबालिग लड़की की हालत गंभीर होने के चलते उसे उज्जैन से मंगलवार को इंदौर के अस्पताल भेजा गया था जहां उसकी जटिल सर्जरी की गई। (भाषा)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article