Kanha Tiger Reserve: कान्हा टाइगर रिजर्व से दो बाघिन के भिड़ंत का एक वीडियो सामने आया है। कान्हा मैदान के इस वीडियो में बाघिन नीलम (टी-65) अपने तीन शावकों के साथ नजर आ रही है। उसी दौरान बाघिन मोहनी (टी-139) उन पर हमला कर देती है। अपने शावकों की रक्षा के लिए नीलम, मोहनी से भिड़ जाती है। वीडियो में इस हमले से घबराए शावक भी इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं।
भिड़ंत में एक बाघिन घायल
अपने सामने बाघिनों को भिड़ता देख पर्यटक दहशत और रोमांच से भर गए। उन्होंने इस दुर्लभ पल का वीडियो बना लिया, जो कि अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मामला गुरुवार सुबह का बताया जा रहा है। बाघिनों के बीच हुए इस संघर्ष में नीलम के घायल होने की खबर है।
डॉक्टरों की निगरानी में बाघिन
कान्हा के डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने जानकारी बताया कि बाघिन टी-65 अपने शावकों के साथ कान्हा मैदान में घूम रही थी। उसी दौरान टी-139 ने उन पर हमला कर दिया। इसमें टी-65 को कुछ चोट आई हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के माध्यम से हमें सूचना मिली। जिसके बाद स्थानीय कर्मचारी और हाथी दल के माध्यम से निगरानी की गई। डॉक्टर से भी परीक्षण कराया गया। जिसमें पाया गया है कि बाघिन की चोट बहुत गहरी नहीं हैं। इसलिए उसे बेहोश कर उपचार की आवश्यकता नहीं है। नैसर्गिक रूप से उपचार हो रहा है। हम इसकी निरंतर निगरानी कर रहे हैं।
आए दिन होती रहती ऐसी घटनाएं
कान्हा मैदान की सुप्रसिद्ध बाघिन मोहनी और नीलम चिरपरिचित प्रतिद्वंद्वी हैं। इनके बीच टेरेटरी को लेकर आये दिन भिड़ंत होती रहती है। जनवरी 2023 में दोनों के बीच भीषण संघर्ष हुआ था। जिसमें नीलम गंभीर रूप से घायल हुई थी। उस समय नीलम के 4 शावक करीब ढाई महीने के थे। तब पार्क के डॉक्टरों ने घायल नीलम का उपचार, ऑपरेशन किया और सतत निगरानी रखी। तब कहीं जाकर नीलम पूर्णतः स्वस्थ हो सकी थी।
