Niwari News: मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में सोमवार को एक बहुत दुखद घटना हुई। नदी में नहा रहे तीन किशोरों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एक दिन पहले ही परिवार के एक विवाह समारोह के लिए तीनों लड़के साथ इकट्ठा हुए थे।
नदी में नहाते समय हुआ हादसा
ये घटना जेरोन थाना क्षेत्र के पीपरीघाट लहरगुआ की है जो जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर है। घटना सोमवार की दोपहर हुई जब तीनों किशोर वरगी नदी में नहाने गए थे। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रोहित (17)निवासी राजावर पृथ्वीपुर, रितिक (15) निवासी सुनरई थाना लिधौरा और यशपाल (15) निवासी खदरी खिरक गांव थाना जेरोन के रूप में हुई है। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों के शव को नदी से बाहर निकाला। शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस कर रही है जांच
लुहरगुवा पुलिस चौकी के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक श्यामलाल अहिरवार ने मीडिया को बताया कि तीनों लड़के रविवार को यहां एक शादी में शामिल होने आए थे। सोमवार की दोपहर वे नहाने के लिए नदी में गए और डूब गए। ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। रोहित और यशपाल लुहरगुवा इलाके में रहते थे, जबकि रितिक टीकमगढ़ का रहने वाला था।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
(इनपुट-भाषा)
