भोपाल

Bhopal: रक्षाबंधन पर घर आया था सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पिकनिक के दौरान नहर में डूबने से मौत; परिवार में मचा कोहराम

भोपाल के कोलार क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर कृष्णा सिंह की कजलीखेड़ा नहर में डूबने से मौत हो गई। वह रक्षाबंधन पर छुट्टियों में घर आया था और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था। तैरना न आने के कारण नहर में डूबने से उसकी जान चली गई।

Image

सॉफ्टवेयर इंजीनियर की डूबने से मौत (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

Bhopal Software Engineer Death: भोपाल के कोलार क्षेत्र स्थित कजलीखेड़ा नहर में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर कृष्णा सिंह की डूबने से मौत हो गई। नागपुर की एक कंपनी में कार्यरत कृष्णा रक्षाबंधन के मौके पर छुट्टियों में अपने घर भोपाल आया था। 15 अगस्त को उसने अपनी बहन से राखी बंधवाई थी और सोमवार को वापस लौटने वाला था।

रविवार को वह अपने चार दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने नहर के पास गया। दोस्तों के कहने पर कृष्णा नहर में नहाने उतरा, लेकिन तैरना न आने के कारण गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके दोस्तों को भी तैरना नहीं आता था, जिससे कोई उसे बचा नहीं सका। घटना की सूचना मिलते ही गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने देर रात कृष्णा का शव नहर से बरामद किया।

सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। कृष्णा परिवार का इकलौता बेटा था और आर्थिक रूप से घर का सहारा भी था। उसके चचेरे भाई ने बताया कि उन्हें दोस्तों ने हादसे की सूचना दी थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article