MP News: मध्यप्रदेश सरकार ने छिंदवाड़ा में कोल्ड्रिफ (Coldrif) सिरप के कारण बच्चों की मौत के बाद बड़ा कदम उठाते हुए इस सिरप की बिक्री पर पूरे राज्य में प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही, इस सिरप को बनाने वाली कंपनी के अन्य उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बताया कि बच्चों की मौत की घटना दुखद है और राज्य सरकार ने इस पर सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने कहा, “इस सिरप की बिक्री को पूरे मध्यप्रदेश में बैन कर दिया गया है। साथ ही कंपनी के अन्य प्रोडक्ट की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगाया जा रहा है।”
तमिलनाडु सरकार से मांगी गई थी जांच रिपोर्ट
कोल्ड्रिफ सिरप बनाने वाली फैक्ट्री तमिलनाडु के कांचीपुरम में स्थित है। घटना के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने तमिलनाडु सरकार को जांच के लिए पत्र लिखा था। शनिवार सुबह जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को प्राप्त हुई, जिसके बाद तुरंत कठोर कदम उठाए गए।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
बता दें कि छिंदवाड़ा में सिरप पीने से अब तक 9 बच्चों की मौत हो चुकी है, जिससे राज्य में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय स्तर पर पहले से ही जांच चल रही थी, अब राज्य स्तर पर भी विशेष जांच टीम गठित की गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि “दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” कोल्ड्रिफ कफ सिरप के खरीद, बिक्री, भंडारण और वितरण पर आगामी आदेश तक राज्यभर में पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सभी दवा विक्रेताओं को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। छिंदवाड़ा में मासूम बच्चों की मौत के बाद विभाग ने जबलपुर में सप्लायर पर भी छापेमारी की थी।
