MP News: भारत के विदेश मंत्रालय ने गांवों में रहने वाले लोगों के लिए पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इससे गांव में रहने वाले लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए ऑफिस के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी। गांव तक आवश्यक सारी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास में पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन का शुभारंभ किया जा रहा है। मोबाइल वैन का शुभारंभ आज यानी शुक्रवार, 20 जून शाम 4 बजे किया जाएगा।
आज होगा पासपोर्ट मोबाइल वैन का शुभारंभ
पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन का शुभारंभ शुक्रवार को एमपी की राजधानी भोपाल में स्थित अरेरा हिल्स स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में किया जाएगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शीतांशु चौ के अनुसार, यह वैन पूरी तरह से पासपोर्ट सेवा केंद्र की तरह कार्य करेगी। इसमें बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन, डॉक्यूमेंट स्कैनिंग, फोटो कैप्चर और वेरिफिकेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस सेवा के माध्यम से, गांव के लोगों को अब पासपोर्ट के लिए शहर आने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे उन्हें समय, पैसे और यात्रा में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
वैन के आने से पहले स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि लोग इस सेवा के बारे में जान सकें। इसके अलावा, अपॉइंटमेंट के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में पासपोर्ट सेवाओं की पहुंच को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम है और इससे ग्रामीण लोगों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में मदद मिलेगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शीतांशु चौरासिया ने जानकारी दी कि यह वैन उन स्थानों पर जाएगी, जहां पासपोर्ट सेवा केंद्र उपलब्ध नहीं हैं।
