MP Monsoon Assembly Session: मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 28 जुलाई से होकर 8 अगस्त तक चलेगा। इस संबंध में जल्द ही विधानसभा सचिवालय अधिसूचना जारी करेगा। सत्र के दौरान प्रदेश सरकार पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। साथ ही कई विधेयक भी सदन में लाए जाएंगे। जिसे सदन से मंजूरी मिलने की संभावना है।
मानसून सत्र में 10 बैठकें होने की उम्मीद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से उनके बंगले पर मुलाकात की। जिसमें उन्होंने मानसून सत्र की तैयारियों पर चर्चा की। इसके बाद सत्र बुलाने के लिए राज्यपाल से मंजूरी ली गई। इस मानसून सत्र में कुल दस बैठकें होने की उम्मीद है। पिछले साल मानसून सत्र 1 जुलाई से शुरू हुआ था, जिसके 19 जुलाई तक चलने की योजना थी। लेकिन यह सत्र समय से पहले समाप्त हो गया था। उस समय कुल 14 बैठकें सत्र में निर्धारित की गई थीं।
पिछले साल मानसून सत्र में पेश हुआ पूर्ण बजट
मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव के चलते मध्य प्रदेश सरकार पूर्ण बजट पेश नहीं कर पाई थी। जिस कारण 3 जुलाई को मानसून सत्र के दौरान प्रदेश सरकार ने पूर्ण बजट पेश किया था। इससे पहले फरवरी में सरकार ने लेखानुदान पारित कर चार महीनों के लिए बजट की व्यवस्था की थी।
