भोपाल

MP: सप्लीमेंट्री बजट में 2300 करोड़ का रखा गया प्रस्ताव; स्वास्थ्य, पुलिस पर खर्च होगी राशि, कल मिलेगी मंजूरी

बारिश के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण के लिए मोहन यादव सरकार ने पहले अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया है। इसके अलावा, पुलिस और कानून व्यवस्था, नगरीय विकास, और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्रों में भी आवश्यक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

Image

पुलिस, नगरीय विकास, लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा पर सरकार 100 करोड़ खर्च करेगी (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

MP News: मध्य प्रदेश सरकार ने अपने पहले अनुपूरक बजट में सड़क सुधार, पुलिस व्यवस्था, नगरीय विकास और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कुल 2300 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने बारिश के कारण उखड़ी सड़कों की मरम्मत और नई सड़क निर्माण के लिए 100 करोड़ से अधिक की राशि रखी है।

बुधवार को विधानसभा में अनुपूरक बजट पर दो घंटे तक चर्चा हुई, जिसमें गृह विभाग के लिए पुलिस बल की प्रतिपूर्ति हेतु 5 करोड़ रुपये और अपराध नियंत्रण के लिए उपकरण खरीदने हेतु 57 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, लोक निर्माण विभाग को बड़े पुलों के निर्माण के लिए 50 करोड़, मुख्य जिला मार्गों के निर्माण व उन्नयन के लिए 40 करोड़ और नव-से वित्त पोषण से सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की मांग की गई है।

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के लिए यूनिटी माल निर्माण हेतु 142 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत महर्षि पाणिनि संस्कृत विश्वविद्यालय, उज्जैन के विकास कार्यों के लिए 11 करोड़ 43 लाख रुपये का भी प्रावधान किया गया है।

पुलिस कॉल सेंटर और नियंत्रण कक्ष के लिए 62 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे पुलिस विभाग की त्वरित कार्रवाई और आपात सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के लिए सबसे अधिक 1630 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जिसमें 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा के तहत 400 करोड़ से अधिक की राशि शामिल है। यह राशि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए उपयोग की जाएगी।

इसके अलावा, अनुसूचित जनजाति के लिए 150.98 करोड़ रुपये, अनुसूचित जाति और वृहद निर्माण के लिए 715.45 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो सामाजिक विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण होगा।

इस अनुपूरक बजट को विधानसभा में बुधवार को मंजूरी दी जाएगी, जिससे प्रदेश के विकास और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी आने की उम्मीद है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article