भोपाल

भोपाल में खाकी पर भारी पड़े जालसाज, रिटायर्ड डीएसपी को लगाया चूना, वड़ा पाव की आउटलेट देने के नाम पर पत्नी से ठगी

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 27, 2022, 10:00 PM IST

जालसाजों ने वड़ा पाव बेचने वाली गुजरात के अहमदाबाद की नामी कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम एक रिटायर्ड डीएसपी को लाखों का चूना लगा दिया। पूर्व पुलिस अधिकारी की पत्नी ने इसे लेकर शहर के पिपलानी थाने में कंपनी के निदेशक सहित कुल तीन लोगों के खिलाफ 8 लाख की धोखाधड़ी करने के आरोप का मामला दर्ज करवाया है।

Image

जालसाजों ने नामी कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम लाखों का चूना लगा दिया (प्रतीकात्मक फोटो)

KEY HIGHLIGHTS
  • जालसाजों ने नामी कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम लाखों का चूना लगा दिया
  • पूर्व पुलिस अधिकारी की पत्नी ने 3 के खिलाफ मामला दर्ज करवाया
  • जालसाजों की ओर से कुछ चेक दिए गए जो बाउंस हो गए

Bhopal Fraud Case: राजधानी भोपाल में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। जिसमें जालसाज खाकी पर भारी पड़ गए। जालसाजों ने वड़ा पाव बेचने वाली अहमदाबाद की नामी कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर एक रिटायर्ड डीएसपी को लाखों का चूना लगा दिया। पूर्व पुलिस अधिकारी की पत्नी ने इसे लेकर शहर के पिपलानी थाने में कंपनी के निदेशक सहित कुल तीन लोगों के खिलाफ 8 लाख रूपए की धोखाधड़ी करने के आरोप का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक पूर्व अधिकारी एमपी के ग्वालियर शहर के रहने वाले हैं। धोखाधड़ी का मामला वर्ष 2019 से अब तक चला है। इधर, पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद एफआइआर दर्ज कर ली है। अब आगे की जांच की जा रही है।

ऐसे रची धोखाधड़ी की साजिश

पिपलानी पुलिस के मुताबिक ग्वालियर निवासी रिटायर्ड डीएसपी राकेश गुप्ता की पत्नी भारती ने भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में मौजूद अपनी दुकान में कारोबार करने की सोची। इसके लिए उन्होंने वर्ष 2019 में अहमदाबाद की नामी वड़ा पाव बेचने वाली एक कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने के लिए कंपनी से संपर्क किया था। इसके बाद डील तय हुई तो कंपनी के निदेशक ने उनसे स्टांप पर लिखित में एग्रीमेंट किया। फ्रेंचाइजी 5 साल के लिए देना तय हुआ। इसके बाद 8 लाख रूपए जमा लिए गए। वहीं दुकानों का किराया 40 हजार प्रतिमाह देना तय किया गया। इसके अलावा कुल बिक्री का अलग से 12 प्रतिशत कमीशन देना भी अनुबंध में तय किया गया। जालसाजों ने दो माह तक कारोबार चलाया भी, मगर इसके बाद वे फरार हो गए।

चेक हो गए बाउंस

पुलिस के मुताबिक पिलाय पांड्या व उनकी सहयोगी ट्विंकल मीणा, फाल्गुन वघेला व खुशबू चौहान ने दो महीने तक दुकान में कारोबार चलाया। रेस्टोरेंट का सारा फायदा कंपनी खुद के पास रखती थी। दो माह बाद किराया नहीं देने पर कॉल किए तो उठाए नहीं। इसके बाद मैसेज किए गए तो जालसाजों की ओर से कुछ चेक दिए गए जो बाद में बैंक में जमा करवाने पर बाउंस हो गए।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article