Jabalpur Schools Closed: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में भारी बारिश के चलते दो दिन स्कूल बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने मौसम को देखकर एहतियातन कदम उठाते हुए 7 और 8 जुलाई को सभी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। जिसके तहत जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और नवोदय विद्यालयों में दो दिनों तक बंद रहेंगे।
भारी बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा
जबलपुर में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। जिसके चलते स्कूल के बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी। साथ ही बारिश से नदी-नालों के तटीय क्षेत्रों और पुल-पुलियों के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। भारी बारिश के कारण छात्रों की सुरक्षा और संभावित जोखिमों को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा जारी आदेश के अनुसार आने वाले 48 घंटों के भीतर संभावित भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्कूलों को दो दिन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

जबलपुर में दो दिन स्कूल बंद
बरगी डैम के 9 गेट खुले
जबलपुर और आसपास के जिलों में लगातार बारिश हो रही है। जिसके चलते बरगी डैम के 21 में से 9 गेट आज खोल दिए गए हैं, जिनसे करीब 52,195 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं। प्रशासन लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
