Jabalpur Dussehra Procession Firing: जबलपुर में दशहरा चल समारोह के दौरान कांचघर चौक में जमकर गोलियां चली। फायरिंग के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि बीजेपी और कांग्रेस के मंच आमने-सामने लगे हुए थे, इसी दौरान किसी बात पर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया और फायरिंग हो गई।
दुर्गा प्रतिमा पूजन को लेकर हुआ विवाद
इस घटना के वक्त कांग्रेस के विधायक लखन घनघोरिया और बीजेपी के पूर्व विधायक अंचल सोनकर मंच पर मौजूद थे। दुर्गा प्रतिमा के पूजन को लेकर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आपस में कहासुनी हुई थी। यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात फायरिंग तक पहुंच गई। दोनों ओर से मंच संचालन के दौरान गोलियां चलीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी।
पुलिस ने हालात पर पाया काबू
यह घटना घमापुर थाना अंतर्गत कांचघर इलाके की है। जहां कांचघर चौक पर बीजेपी और कांग्रेस के मंच अगल-बगल में लगे हुए थे। फायरिंग के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया। जिसके बाद दोनों पक्षों से बातचीत की। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने आपसी समझौते से विवाद को खत्म किया। जिसके बाद दशहरा विसर्जन समारोह शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ। घटनास्थल पर RAF, STF और जिला पुलिस के जवान तैनात हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
