भोपाल

Madhya Pradesh: अगर सत्ता में आई कांग्रेस तो सबसे पहले होगा ये काम, राहुल गांधी ने बताया पूरा प्लान

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 30, 2023, 03:42 PM IST

Rahul Gandhi Slams BJP On OBC Reservation: राहुल गांधी ने दावा किया है कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है तो सबसे पहले देश में ओबीसी की सही संख्या जानने के लिए हम जाति जनगणना कराएंगे। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है कि हमें हिंदूस्तान का एक्स-रे करना है। राहुल ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी मोदी सरकार पर हमला बोला।

Image

ओबीसी के मुद्दे को लेकर राहुल गांधी ने किया बड़ा दावा।

Photo : Twitter

Rahul Gandhi News: मध्य प्रदेश के शाजापुर में जन आक्रोश यात्रा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश हिंदूस्तान में भ्रष्टाचार का सेंटर है। जितना भ्रष्टाचार भाजपा के लोगों ने यहां किया है उतना पूरे देश में नहीं किया। बच्चों के फंड, मिड डे मील के फंड चोरी किए। महाकाल कॉरिडोर में भाजपा ने पैसा चोरी किया। राहुल ने शनिवार को ये दावा किया कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में आती है, तो वह देश में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लोगों की सही संख्या जानने के लिए जाति आधारित जनगणना कराएगी।

ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा पर बरसे राहुल गांधी

राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा के निर्वाचित सदस्यों के बजाय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्य और नौकरशाह कानून बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'कानून RSS वाले लोग बनाते हैं, कानून अफसर बनाते हैं, कानून भाजपा के सांसद और विधायक नहीं बनाते। एक और सच्चाई यह है कि हिंदूस्तान को 90 अफसर चलाते हैं। मैं हिंदूस्तान के सभी OBC से पूछता हूं नरेंद्र मोदी कहते हैं कि सरकार में आपकी भागीदारी है, आप बताइए इन 90 अफसरों में OBC कितने हैं? अब वह समय आ गया है कि हमें हिंदूस्तान का एक्स-रे करना है। यह पता लगाना है कि अगर 90 अफसर देश को चला रहे हैं और उसमें OBC की भागीदारी 5% है तो क्या OBC की आबादी 5% है? देश में एक ही मुद्दा है जातिगत जनगणना। OBC कितने हैं और उनकी भागीदारी कितनी होनी चाहिए, यही सबसे बड़ा सवाल है।'

'ओबीसी की सही संख्या जानने के लिए जाति-आधारित जनगणना'

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि देश को कैबिनेट सचिव और सचिवों सहित केवल 90 अधिकारी चला रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों और विधायकों की देश में नीतियां और कानून बनाने में कोई भूमिका नहीं है। राहुल मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "सत्ता में आने के तुरंत बाद, हम सबसे पहला काम देश में ओबीसी की सही संख्या जानने के लिए जाति-आधारित जनगणना कराएंगे, क्योंकि कोई भी उनकी सही संख्या नहीं जानता है।"

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश को बताया भ्रष्टाचार का मुख्य केंद्र

मध्य प्रदेश को देश में भ्रष्टाचार का ''केंद्र'' करार देते हुए राहुल ने कहा, 'व्यापमं जैसे घोटालों ने राज्य को हिलाकर रख दिया है। एमबीबीएस की सीट बेची जाती है, परीक्षा के पेपर बेचे जाते हैं, लीक होते हैं और बच्चों के भोजन, गणवेश के अलावा महाकाल लोक कॉरिडोर के निर्माण में भी चोरी की गई।' कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में पिछले 18 वर्षों में 18,000 किसानों ने आत्महत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया, 'इसका मतलब है कि राज्य में हर दिन तीन किसान अपनी जान दे देते हैं।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article