भोपाल

कर्नाटक का किला जीतने के बाद MP में कांग्रेस का बड़ा दांव, कमलनाथ ने फ्री बिजली को लेकर किया ये वादा

Free Electricity in MP : कमलनाथ ने सत्‍ताधारी दल भाजपा पर आरोपों की बौछार भी की। उन्‍होंने कहा है कि भाजपा सरकार ने इस समय 3.30 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज ले रखा है। इस कर्ज को चुकाने के लिए राज्य सरकार को और ऋण लेना पड़ेगा।

Image

मध्यप्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष कमलनाथ।

Photo : BCCL

Free Electricity in MP : कर्नाटक का चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस का हौसला सातवें आसमान पर है। इसी को देखते हुए अब कांग्रेस ने मध्‍य प्रदेश जीतने के लिए अभी वादों की झड़ी लगानी शुरू कर दी है। गुरुवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष कमलनाथ ने दावा किया है कि सूबे की सत्ता में कांग्रेस की वापसी पर उपभोक्ताओं को 100 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। इससे राज्य के सरकारी खजाने पर कर्ज का बोझ नहीं बढ़ेगा। कमलनाथ ने बोझ न बढ़ने की वजह बताते हुए कहा कि ऐसा इसलिए है क्‍योंकि कांग्रेस के सत्ता में आने पर राज्य सरकार का वित्तीय प्रबंधन उम्दा होने वाला है।

भाजपा सरकार पर कमलनाथ का आरोप

फ्री बिजली देने का वादा करने के साथ ही कमलनाथ ने सत्‍ताधारी दल भाजपा पर आरोपों की बौछार भी की। उन्‍होंने कहा है कि भाजपा सरकार ने इस समय 3.30 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज ले रखा है। इस कर्ज को चुकाने के लिए राज्य सरकार को और ऋण लेना पड़ेगा। लेकिन इस कर्ज का उपयोग क्या हुआ? क्या इस कर्ज से पेंशनरों, आशा कार्यकर्ताओं, संविदा कर्मियों आदि को लाभ हुआ? कमलनाथ यहीं नहीं रुके आगे उन्‍होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य सरकार ने 3.30 लाख करोड़ रुपये के कर्ज का इस्तेमाल बड़े-बडे़ ठेके देने में किया। उन्होंने कहा, मुझे आपको समझाने की जरूरत नहीं है कि ये ठेके किन लोगों को दिए गए।

100 यूनिट तक फ्री बिजली का ऐलान

गौरतलब है कि, कमलनाथ ने गुरुवार को जनसभा के दौरान ऐलान किया कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में यदि कांग्रेस सत्‍तावापसी करती है तो उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी और 200 यूनिट तक बिजली खपत का बिल मौजूदा दर के मुकाबले आधा किया जाएगा। बता दें कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में बहुमत से जीत हासिल करने के बाद से कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं और अब वह राजस्‍थान के अलावा मध्‍य प्रदेश जैसे राज्‍यों में जीत के लिए तैयारी में जुट गई है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ता author

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के... और देखें

End of Article