Bhopal News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने हालिया स्पेन और दुबई दौरे से लौटने के बाद आज मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में वह विदेश यात्रा के दौरान मिले करीब 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंत्रिपरिषद के सामने रखेंगे। इसके साथ ही राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए इनवेस्टमेंट लोकेशन पर भी चर्चा की जाएगी।
निवेश के साथ विकास योजनाओं पर भी फोकस
बैठक में जहां एक ओर विदेशी निवेश प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, वहीं मुख्यमंत्री प्रदेश के समग्र विकास, इंफ्रास्ट्रकचर सुधार और औद्योगिक संभावनाओं पर भी मंत्रियों से राय लेंगे। यह निवेश न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खोलेगा।
मानसून सत्र की तैयारियां भी एजेंडे में
भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, कैबिनेट बैठक में 28 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र के लिए पहले सप्लीमेंट्री बजट और संभावित बिलों को भी मंजूरी दी जाएगी। सरकार की कोशिश है कि सत्र के दौरान विकास कार्यों से जुड़े निर्णयों को कानूनी रूप दिया जा सके।
किसानों की खाद संकट पर समीक्षा
मुख्यमंत्री बैठक की शुरुआत में राज्य में किसानों को खाद की आपूर्ति में आ रही बाधाओं पर फीडबैक लेंगे। हाल के दिनों में कई जिलों से खाद की कमी की शिकायतें आई हैं, जिसे लेकर मुख्यमंत्री सीधे मंत्रियों से जानकारी लेंगे और सुचारू वितरण के निर्देश देंगे।
त्योहारों को लेकर सुरक्षा निर्देश
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कार्यों और संभावित आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी अधिकारियों और मंत्रियों से रिपोर्ट लेंगे।
ये मुद्दे भी रहेंगे शामिल
बैठक में उज्जैन स्थित विक्रम विश्वविद्यालय का नाम बदलकर 'सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है। साथ ही गांधी सागर बांध से जुड़े पावर जनरेशन प्लांट को आधुनिक बनाने के लिए अपग्रेडेशन प्रस्ताव पर भी फैसला होने की संभावना है।
