Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही बस हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, बस पार्किंग में खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे 39 यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह बस भाजपा कार्यकर्ताओं को आज होने वाले पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए लेकर जा रही थी।
दरअसल, मध्य प्रदेश में सोमवार को कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया जाना है। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इसी कार्यक्रम के लिए खरगोन से भाजपा कार्यर्ताओं से बसी बस रवाना की गई थी, जो हादसे का शिकार हो गई।
अस्पताल में चल रहा इलाज
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा देर रात को कसरावद के पास हुआ, जिसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि बस में अधिकतर खापरजामली, रूपगढ़ और भगवानपुरा के रायसागर के भाजपा कार्यकर्ता सवार थे।
45 दिन में पीएम मोदी का तीसरा दौरा
मध्य प्रदेश में जैसे- जैसी विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। भाजपा ने यहां अपना चुनाव प्रचार भी तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी बागड़ोर खुद संभाली है। यही कारण है कि इस चुनावी राज्य में पिछले 45 दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह तीसरी यात्रा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि 'कार्यकर्ता महाकुंभ' का आयोजन जनसंघ के सह-संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर राज्य के कोने-कोने में भाजपा की 'जन आशीर्वाद यात्राओं' के औपचारिक समापन को चिह्नित करने के लिए किया जा रहा है। बता दें, मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई है। दोनों पार्टियों में कड़ी लड़ाई की संभावना है, ऐसे में कोई भी अपनी तैयारियों में कसर नहीं छोड़ना चाहता है।
