Madhya Pradesh News: ड्रग्स तस्करी केस में आरोपी बीजेपी नेता राहुल आंजना को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बीजेपी जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने मामले में एक्शन लिया है। राहुल आंजना पर करोड़ों रुपए की ड्रग्स की तस्करी का आरोप है। फिलहाल राहुल आंजना फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। मध्य प्रदेश पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने आगर मालवा में एक बड़े ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया।
पुलिस ने करोड़ों की केटामाइन और एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और उपकरण जब्त किए। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जबकि मामले में मुख्य आरोपी राहुल आंजना फरार है। राहुल आंजना बीजेपी का नेता और कई वरिष्ठ नेताओं का करीबी बताया जाता है। पुलिस ने आरोपियों से करीब 5 करोड़ रुपए से अधिक की सामग्री जब्त की है। पुलिस के आंकलन के मुताबिक ज़ब्त किए गए केमिकल से करीब 350 करोड़ की एमडी ड्रग बनाई जा सकती है।
ये चीजें हुईं जब्त
दरअसल कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगर-बडौद रोड पर खड़ी दो कारों में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ छुपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करके कार की तलाशी ली। पुलिस को आर्टिगा और इग्निस कार से करीब 9 किलो 250 ग्राम केटामाइन, 6 ग्राम एमडी, 12 किलो अमोनियम क्लोराइड और 35 लीटर केमिकल मिला। इसके साथ में कुछ उपकरण, लैब का सामान और ग्राम पंचायत की सील जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान 2 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों ईश्वर मालवीय और दौलत सिंह आंजना को गिरफ्तार किया। एक अन्य आरोपी राहुल आंजना मौके से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक राहुल आंजना बीजेपी का नेता है और तनोड़िया मंडल का उपाध्यक्ष भी हैं। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी हुई है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि जब्तशुदा सामग्री की कीमत करीब 5 करोड़ 8 लाख रुपए आंकी गई है।
पार्टी से किया गया निष्कासित
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक ये जिले की अब तक की सबसे बड़ी जब्ती है और इसके लिए कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कार भी देने का ऐलान किया गया है। मामले में भाजपा ने भी बड़ी कार्रवाई की है। नाम सामने आने पर मुख्य आरोपी राहुल आंजना को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने बताया कि भाजपा में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने बताया कि राहुल आंजना तनोड़िया मंडल में उपाध्यक्ष था, लेकिन अपराध सामने आने के बाद तुरंत उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
