Bhopal Suicide Case: भीम नगर में शनिवार और रविवार के बीच की रात पुताई का ठेका लेने वाले 40 वर्षीय डालचंद यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर में अकेले थे, जबकि परिवार के सदस्य पास ही एक जन्माष्टमी पूजा में शामिल होने गए थे।
जानकारी के अनुसार, डालचंद ने चादर का फंदा बनाकर खुदकुशी की। देर रात जब उसकी बेटी पूजा से लौटकर घर पहुंची, तो उसने पिता को फंदे पर लटका देखा। उसने तुरंत अपने चाचा राकेश को सूचना दी। राकेश मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारने के बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं
राकेश ने बताया कि शनिवार को डालचंद को काम की पेमेंट मिली थी, जिसके बाद दोनों भाइयों ने शराब पी थी। नशे के बाद वे घर लौट आए, जबकि बाकी परिजन पूजा में चले गए थे। राकेश के अनुसार, डालचंद ने किसी तरह की परेशानी या तनाव का जिक्र नहीं किया था। पुलिस ने मृतक के कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए अब परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
