भोपाल

गमगीन हुआ सगाई का माहौल, गर्म तेल की कढ़ाई में गिरा 2 साल का बच्चा, इलाज के दौरान मौत

Bhopal News: भोपाल में सगाई समारोह के दौरान दो साल का बच्चा गर्म तेल की चढ़ाई में गिरकर बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Image

सांकेतिक फोटो

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां सगाई समारोह में खेलते-खेलते दो साल का मासूम बच्चा गर्म तेल की कढ़ाई में गिर गया। बुरी तरह झुलसे बच्चे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजन ही नहीं, तमाम जानने वाले भी दुखी हैं और अभिभावकों को ढांढस बंधाने में लगे हैं। बच्चे की मौत से उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह घटना निशातपुरा थाना क्षेत्र की है, जहां सगाई समारोह चल रहा था। तभी दो साल का मासूम अक्षांश साहू खेलते-खेलते गर्म तेल वाली कढ़ाई के करीब पहुंच गया। वहां मौजूद कोई व्यक्ति कुछ समझ पाता, इससे पहले बच्चा इस खौलते तेल की कढ़ाई में जा गिरा। इस घटनाक्रम को अक्षांश के पिता ने देखा, जो कुछ ही दूरी पर खड़े थे। वह उस तरफ दौड़े चले आए और आनन-फानन में बच्चे को गर्म तेल की कढ़ाई से निकाला और उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए। बताया गया है कि बच्चा बुरी तरह झुलस गया था और उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

लापरवाही के तौर पर देखी जा रही घटना

परिजनों के अनुसार अक्षांश के चाचा की सगाई थी और सभी लोग इस उत्सव वाले कार्यक्रम में लगे हुए थे। तभी अचानक यह हादसा हो गया। मासूम अक्षांश की मौत के चलते उत्सव वाले घर का माहौल गमगीन हो गया। सगाई समारोह में मौजूद कोई भी व्यक्ति यह नहीं समझ पा रहा है कि आखिर बच्चा गर्म तेल की कढ़ाई में अचानक कैसे गिर गया। बच्चे की तरफ किसी ने ध्यान नहीं दिया और इस पूरे घटनाक्रम को बड़ी लापरवाही के तौर पर देखा जा रहा है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article