शहर

Bhojpur: भोजपुर में सुबह-सुबह खूनी वारदात, सरकारी टीचर की गोली मारकर हत्या

भोजपुर के सिन्हा थाना क्षेत्र में एक सरकारी टीचर नीरज पाल की आज सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

Image

भोजपुर में सरकारी टीचर की हत्या

Bhojpur Murder News: बिहार के भोजपुर जिले से गुरुवार तड़के हत्या की वारदात सामने आई है, जहां एक सरकारी टीचर को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाश पहले से घात लगाकर बैठे थे और टीचर के घर से बाहर निकलते ही आरोपियों ने उसे गोली मार दी। जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

शौच जाते समय मारी गोली

यह घटना सिन्हा थाना क्षेत्र के तुलसी छपरा गांव में सुबह करीब 4 बजे हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय नीरज कुमार पाल के रूप में हुई है, जो कन्या विद्यालय फरहदा में सरकारी शिक्षक थे। बताया जा रहा है कि नीरज पाल रोजाना की तरह आज सुबह भी से शौच के लिए घर से निकले और खेत की ओर आगे बढ़े। तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

शव पर दो गोलियों के निशान मिले

जब स्थानीय लोगों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में देखा तो फौरन पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-2 रंजीत सिंह और थानाध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद मामले की जांच शुरू की। शव के निरीक्षण के दौरान गर्दन से सिर तक दो जगहों पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सबूत एकत्र किए।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपियों ने टीचर की हत्या क्यों की। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article