शहर

Maharashtra News: चोरों ने रात के अंधेरे में फिल्मी अंदाज में लगाई ज्वैलरी शॉप में सेंध, लाखों की ज्वैलरी चुराकर फरार

महाराष्ट्र के भिवंडी में चोरों ने रात के अंधेरे में बिल्कुल फिल्मी अंदाज में ज्वैलरी शॉप में सेंध लगाई। चोर यहां से अपने साथ लाखों रुपये की सोने और चांदी की ज्वैलरी लेकर फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से चोरों का पता लगाने की कोशिश में जुटी।

Image

भिवंडी में ज्वैलरी शॉप में फिल्मी अंदाज में चोरी

Maharashtra News: बॉलीवुड की कई फिल्मों में आपने देखा होगा कि किसी अन्य जगह से सुरंग बनाकर बैंक में ज्वैलरी शॉप में बड़ी चोरी को अंजाम दिया जाता है। लेकिन महाराष्ट्र के भिवंडी में दो चोरों ने बिल्कुल फिल्मी अंदाज में ऐसी ही घटना को अंजाम दिया। चोर सीमेंट की दुकान की दीवार तोड़कर ज्वैलरी शॉप तक पहुंच गए। बदमाशों ने दीवार में सुरंग बनाकर ज्वैलरी शॉप से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए और फरार हो गए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

घटना भिवंडी के अंजूर फाटा स्थिति पद्मावती ज्वैलर्स में हुई। देर रात दो बजे शातिर चोरों ने बड़ी ही सुनियोजित तरीके से दुकान में सेंधमारी की। इस वारदात को अंजाम देने के लिए चोर पहले ज्वैलरी शॉप से सटी सीमेंट की दुकान के पिछले हिस्से में घुसे और फिर उन्होंने दुकानों के बीच की दीवार में अपने जाने के लिए रास्ता बनाया और दुकान में पहुंच गए।

रात करीब 2 से तीन बजे के बीच दोनों बदमाश लगभग एक घंटे तक ज्वैलरी शॉप के अंदर रहे। इस दौरान उन्होंने यहां पर आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया। दुकानदार के मुताबिक चोर 5-6 किलो चांदी के आभूषण और 50-60 ग्राम सोने की ज्वैलरी भी लेकर फरार हो गए। ज्वैलरी शॉप से चोरी हुए माल की कुल कीमत का अभी आकलन किया जा रहा है।

चोरी की इस वारदात के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से अहम सुबूत जुटाए और डॉग स्क्वॉड की मदद से चोरों के सुराग तलाशे जा रहे हैं। पुलिस ने दुकान के अलावा आसपास के सभी CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच भी शुरू कर दी है।

बिल्कुल फिल्मी अंदाज में हुई इस चोरी से इलाके के अन्य व्यापारी भी स्तब्ध हैं। व्यापारियों ने इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी सुबूतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article