शहर

'यह बैकडोर बदनामी अभियान है', फर्जी वीडियो पर भड़के भगवंत मान; बोले- मास्क पहनाकर रची गई साजिश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे उनका मास्क पहनाकर तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इसके पीछे एक सुनियोजित साजिश है, जिसका खुलासा जल्द किया जाएगा।

Image

पंजाब के सीएम भगवंत मान का फर्जी वीडियो पर पलटवार

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कथित तौर पर गुरु साहिबानों की बेअदबी से जुड़े मामले में वायरल वीडियो पर सफाई दी है। भगवंत मान ने वायरल वीडियो को फर्जी करार दिया और कहा कि उन्हें धार्मिक तौर पर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राजनीतिक तौर पर वे (विपक्षी दल) मुकाबला नहीं कर सकते हैं, क्योंकि वे जमीनी स्तर पर शून्य हो चुके हैं। इस कारण वे हर रोज कोई न कोई आदेश जारी कराते हैं, ताकि मुझे धार्मिक तौर पर बदनाम किया जा सके।"

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के लिए जिस तरह सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक तौर पर इस सरकार ने काम किए हैं, वो पिछली किसी भी सरकार ने नहीं किए। चाहे वह बेअदबी का कानून हो, चाहे वह धार्मिक ग्रंथों के वाहनों पर टैक्स माफी हो, चाहे श्री आनंदपुर साहब में पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र हो या चाहे वह तीन पवित्र शहरों का दर्जा हो, इन चीजों का मुकाबला विपक्ष नहीं कर सकता है, इसी कारण सभी राजनीतिक दल मिलकर मेरे पीछे पड़े हैं।

फर्जी वीडियो लोगों तक पहुंचाने की कोशिश-मान

भगवंत मान ने कहा, "विपक्ष की कोशिश है कि वे मेरी फर्जी वीडियो लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं, ताकि लोग मुझसे नफरत करने लगें, मगर यह संभव नहीं है। अपने खिलाफ सामाजिक बहिष्कार वाले बोर्ड को लेकर मुख्यमंत्री मान ने कहा, "एसजीपीसी के आदेश को सर्वोच्च मानते हुए मैं पूछना चाहता हूं कि इस तरह के बोर्ड सुखबीर सिंह बादल के क्यों नहीं लगे थे। जो लोग 2 दिसंबर को सुखबीर बादल के सामने 'हां जी - हां जी' करते थे, उनके बोर्ड क्यों नहीं लगे थे।"

भगवंत मान ने यह भी कहा कि श्री अकाल तख्त के सामने मैं वीडियो से जुड़े विवाद को लेकर पेश हुआ। अगर मुझे आज भी बुलाया जाएगा तो मैं पेश होने के लिए जाऊंगा। उन्होंने कहा, "श्री अकाल तख्त को मैं चुनौती नहीं दे सकता हूं और न ही मेरी कोई हैसियत है।"

मुख्यमंत्री ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि जो वीडियो वायरल हुआ है, उसकी कहीं भी जांच कराई जा सकती है, उसमें मैं नहीं था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखते हुए भगंवत मान ने एक और वीडियो शेयर किया था, जिसमें दावा किया कि एक व्यक्ति ने उनके जैसा मास्क खरीदा था। वह व्यक्ति अभी कनाडा में मौजूद है, जबकि 2016 के बाद मैं कभी कनाडा नहीं गया था।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article