Bhadohi Murder News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में क्रिकेट मैच के दौरान हुआ मामूली विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। जहां 14 वर्षीय किशोर पर बैट से हमला किए जाने के बाद उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि क्रिकेट मैच खेलते समय नो बॉल को लेकर हुए झगड़े के बाद दूसरे नाबालिग ने आदित्य पर गुस्से में वार कर दिया। इस घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को कस्टडी में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिर पर बैट लगने से किशोर की मौत
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम को दुर्गागंज थाना क्षेत्र के भानीपुर गांव में हुई। जहां गांव के कुछ बच्चे अंबेडकर पार्क में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान नो बॉल को लेकर खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक नाबालिग ने आदित्य के सिर पर क्रिकेट बैट से जोरदार हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता का आरोप- सिर्फ नो बॉल की बात कहने पर हमला
मृतक के पिता संजय कुमार ने बताया कि उनका बेटा मैच खेल नहीं रहा था, बल्कि उसे देख रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आदित्य ने केवल नो बॉल होने की बात कही थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने उस पर बैट से वार कर दिया।
