Mumbai BEST Strike: मुंबई की सार्वजनिक परिवहन सेवा बेस्ट (BEST) से जुड़े कर्मचारियों के लिए रविवार को एक राहत भरी खबर सामने आई है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति बन गई है। जिसके बाद BEST कर्मचारी एक्शन कमेटी ने अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी है। यह हड़ताल बीते तीन दिनों से जारी है, जिसके कारण यात्रियों को सफर के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सोमवार से बेस्ट बसें फिर से शुरू हो जाएंगी।
कर्मचारियों को मिली आर्थिक राहत
बैठक में फैसला लिया गया कि कर्मचारियों के लंबित ग्रेच्युटी का भुगतान मौजूदा वित्तीय वर्ष में कर दिया जाएगा। इसके अलावा, नए वेतन समझौते के लागू होने तक नियमित BEST कर्मचारियों को हर माह 3,000 रुपये की अंतरिम राहत मिलेगी। वहीं वेट लीज (Wet Lease) पर काम करने वाले कर्मचारियों को हर महीने 2,000 की मौसमी बढ़ोतरी देने को मंजूरी दी गई है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने BEST बस सेवाओं को तुरंत सामान्य रूप से शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि BEST मुंबई की जीवनरेखा है और इसे और अधिक मजबूत एवं सक्षम बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
3 सालों में खरीदी जाएंगी 5000 नई बसें
बैठक में BEST के आधुनिकीकरण और विस्तार को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। अगले तीन सालों में BEST के स्वामित्व वाली 5,000 नई बसें खरीदी जाएंगी। इसके लिए जरूरी वित्तीय प्रावधान योजनाबद्ध तरीके से किए जाएंगे। इससे मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। एकनाथ शिंदे ने यह भी आश्वासन दिया कि BEST प्रशासन द्वारा तैयार किए गए ‘कायापलट’ (Transformation) प्रस्ताव को जल्द सरकार के सामने पेश किया जाएगा और बाद में इसे कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
रविवार को यह बैठक सह्याद्री गेस्ट हाउस में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता हुई। इस बैठक में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक, विधायक सचिन अहीर, विधायक मुर्जी पटेल, मुंबई नगर निगम आयुक्त अश्विनी भिडे, BEST महाप्रबंधक सोनिया सेठी और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
