Begusarai Accident: बिहार के बेगूसराय में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा (Road Accident) हुआ है। इस सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारी सहित चार लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि यह सभी पटना में हुई ट्रेनिंग से लौट रहे थे। घटना के दौरान पुलिस अधिकारियों की कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। यह हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक थाना प्रभारी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इन थाना प्रभारियों की हुई मौत
साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित NH-31 पर हुई इस दुर्घटना के बाद यहां पुलिस महकमे में भी शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर की इस दुर्घटना में मौत हुई है।

2 SHO और ड्राइवर की मौके पर ही मौत
खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई कार
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय यह तीनों एक सरकारी वाहन से पटना में आयोजित एक दिन के ट्रेनिंग कार्यक्रम में शामिल होकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा टकराई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि बेल्लारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और ड्राइवर नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
रतवारा थाना प्रभारी ने अस्पताल में ली अंतिम सांस
गंभीर रूप से घायल रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में सभी के हाथ-पांव फूल गए और शोक की लहर दौड़ गई। इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
मामले की जांच शुरू
सूचना मिलने पर बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय सहित कई पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और एक्सीडेंट की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के मुताबिक तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की वजह से हादसा होने की खबर है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
