Basti Accident News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले यात्रियों से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। जिसमें ट्रक ड्राइवर और बस में सवार लोग शामिल हैं। यह हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। जिससे बस में सवार दर्जनों यात्री बुरी तरह घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
संतकबीनगर से अजमेर जा रही थी बस
यात्रियों से भरी बस संतकबीरनगर से अजमेर जा रही थी। इसी दौरान बस्ती जिले के कोतवाली क्षेत्र में हरदिया मारुति एजेंसी के पास देर रात यह हादसा हुआ। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस उप महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों की मदद से फंसे लोगों को निकाला गया
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। जिसके बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में सवार अधिकतर लोग श्रद्धालु बताए जा रहे। इस हादसे में मृतकों की पहचान बस ड्राइवर संदीप पांडेय निवासी बस्ती, ट्रक ड्राइवर शिवराज सिंह पुत्र छोटेलाल निवासी इटावा, मुख्तार अली पुत्र जुम्मन निवासी मुंडरेवा और अब्दुल्ला पुत्र हसन रजा निवासी बस्ती के तौर पर हुई है।
