शहर

Bareilly Encounter: पंचायत कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, डबल मर्डर का आरोपी एनकाउंटर में ढेर

बरेली में पंचायत के दौरान सास और साले की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी थी, जिसमें पत्नी भी घायल हुई।

Image

बरेली में एनकाउंटर में डबल मर्डर का आरोपी ढेर

Bareilly Police Encounter: बरेली में एक पंचायत के दौरान डबल मर्डर के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को मार गिराया है। आरोपी ने पंचायत के दौरान अपनी सास और साले की हत्या कर दी थी। पारिवारिक विवाद से जुड़ी इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, इस दौरान एनकाउंटर में आरोपी की मौत हो गई।

पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई पंचायत

जानकारी के अनुसार यह घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र की है। आरोपी की पहचान अफसर खान के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि अफसर ने करीब आठ साल पहले अपनी चचेरी बहन साईमा से लव मैरिज की थी। लेकिन शादी के बाद से ही दोनों में काफी लड़ाई-झगड़े होते रहते थे। समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। इस पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई। जहां मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।

आरोपी ने चाकू घोंपकर सास-साले को मार डाला

पंचायत के दौरान अफसर खान अचानक उग्र हो गया। उसने चाकू निकालकर अपनी सास और साले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद से ही पुलिस महकमा अलर्ट पर था। मौके पर एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ पंकज श्रीवास्तव ने पहुंचकर पूरे मामले की कमान संभाली थी। आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमें बनाकर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी बीच मंगलवार तड़के सहारा ग्राउंड के पास पुलिस को आरोपी की लोकेशन मिली। जब पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें अफसर खान मारा गया।

अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस एनकाउंटर के साथ ही पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article