Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में नाबालिग छात्रा से कथित रूप से छेड़खानी और अश्लील हरकत करने के आरोप में एक सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में पुलिस विभाग ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दोकटी थाना क्षेत्र में रहने वाली कक्षा 9 की 15 वर्षीय छात्रा ने शुक्रवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर दोकटी थाने में तैनात सिपाही पंकज गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा किसी महिला की लज्जा भंग करने के लिए आपराधिक बल के इस्तेमाल से संबंधित है।
'बार-बार छेड़खानी करता था सिपाही'
शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी सिपाही उसके साथ बार-बार छेड़खानी करता था। छात्रा के मुताबिक, शुक्रवार को वह कोचिंग से साइकिल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सिपाही ने उसे एक सुनसान स्थान पर रोक लिया और कथित तौर पर उसके साथ अश्लील हरकत की।
छात्रा ने बताया कि उसने इस घटना का विरोध करते हुए शोर मचाया जिसके बाद आरोपी सिपाही कथित तौर पर अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर वहां से भाग गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'देश में तलाक-ए-हसन पर कोई प्रतिबंध नहीं', गुवाहाटी हाई कोर्ट ने इसे बताया तलाक का वैध तरीका
विभागीय जांच शुरू
बैरिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) आलोक गुप्ता ने बताया कि इस सम्बंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी सिपाही को कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और मनमाना व्यवहार करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
