शहर

सावधान : मादा की मौत से नर भेड़िया न बन जाए आदमखोर! 12 लोगों को बना चुके हैं निवाला; बहराइच के जंगलों में कांबिंग

वन विभाग ने बताया कि गश्ती टीमों को तलाश अभियान के दौरान ड्रोन कैमरे में एक भेड़िया दिखाई दिया जिसे टीमों ने घेराबंदी कर बचाने की कोशिश की जिसमें सफलता नहीं मिलने पर विलोपन की कार्रवाई की गयी। वन विभाग के शूटर की गोली लगने से मादा भेड़िये की मौत हो गई।

Image

भेड़िया (सांकेतिक फोटो)

बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कैसरगंज वन क्षेत्र के बिरजा पकड़िया गांव में रविवार को मारे गए नर भेड़िये की तलाश में आक्रामक हुई उसकी जोड़ीदार मादा भेड़िया वन विभाग की टीम की गोलीबारी में मंगलवार को मारी गयी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 27 सितंबर के बहराइच दौरे के बाद मंगलवार तक इस इलाके में कुल आठ भेड़िये मारे जा चुके हैं।

प्रभागीय वनाधिकारी राम सिंह यादव ने मंगलवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि रविवार को मारे गये नर भेड़िए की मौत के बाद मादा भेड़िया अपने जोड़ीदार की तलाश में आक्रामक होकर रिहायशी क्षेत्र के आसपास भटक रही थी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा बराबर गांव के नजदीक भेड़िये की मौजूदगी बताई जा रही थी। इसी गांव के निकट वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे बचाव एवं राहत अभियान का नियंत्रण शिविर है।

यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह गश्ती टीमों को तलाश अभियान के दौरान ड्रोन कैमरे में एक भेड़िया दिखाई दिया जिसे टीमों ने घेराबंदी कर बचाने की कोशिश की जिसमें सफलता नहीं मिलने पर विलोपन की कार्रवाई की गयी। वन विभाग के शूटर की गोली लगने से मादा भेड़िये की मौत हो गई।

इस साल 12 लोगों की मौत

उन्होंने बताया कि मृत भेड़िया करीब चार वर्ष उम्र की मादा है और उसका शव बहराइच स्थित वन प्रभाग कार्यालय लाया गया है। बुधवार को पशु चिकित्सकों की समिति आवश्यक दिशा-निर्देशों के तहत शव का पोस्टमार्टम करेगा। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान मारा गया यह आठवां भेड़िया है। इस साल भेड़ियों के हमलों में अब तक 10 बच्चों सहित कुल 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं।

यादव ने बताया कि क्षेत्र में अब और भेड़िये होने की संभावना कम है। फिर भी एहतियातन टीमें गश्त पर रहेंगी। लोगों को विशेष सावधानी बरतने, बच्चों को निगरानी में रखने और घर से बाहर निकलते समय सावधान रहने की सलाह दी जा रही है। गौरतलब है कि बहराइच जिले के कुछ गांवों में गत नौ सितंबर से भेड़ियों के हमलों की घटनाएं शुरू हुईं और 27 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां पहुंचकर हवाई सर्वेक्षण किया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article