ऑटो न्यूज़

Maruti और Hyundai का बड़ा दांव! जल्द आ रही हैं 2 नई इलेक्ट्रिक MPV

Maruti Suzuki और Hyundai अपने ग्राहकों के लिए दो नई इलेक्ट्रिक मल्टी पर्पस व्हीकल लाने जा रहे हैं। Hyundai अपनी नई मिडसाइज SUV Bayon को पेश करेगी वहीं मारुति नई इलेक्ट्रिक MPV YMC को लाएगी।

Image

Maruti और Hyundai जल्द ला रही हैं 2 नई इलेक्ट्रिक MPV

Upcoming Cars From Maruti And Hyundai: देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनियां मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) और हुंडई (Hyundai) अपने नए मॉडल्स के साथ ग्राहकों को आकर्षित करने की तैयारी कर रही हैं। जहां Maruti Suzuki अपनी नई इलेक्ट्रिक MPV YMC को बाजार में उतारने की योजना बना रही है, वहीं Hyundai अपनी नई मिडसाइज SUV Bayon को पेश करने वाली है। दोनों गाड़ियां अलग-अलग सेगमेंट के ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं।

आज होगा Hyundai Bayon का ग्लोबल डेब्यू

Hyundai Bayon का ग्लोबल डेब्यू 12 अक्टूबर यानी आज होने वाला है। इसके बाद आने वाले हफ्तों में इसे भारतीय बाजार में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। नई मिडसाइज SUV की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है, जिसके लिए ग्राहक 11,000 रुपये की टोकन राशि जमा कर सकते हैं।

इंजन की बात करें तो भारतीय बाजार में Hyundai Bayon को क्रेटा में मिलने वाले 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जा सकता है। यह इंजन 115bhp की पावर और 144Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलने की संभावना है। इसके अलावा, कंपनी इसका सीएनजी वेरिएंट भी पेश कर सकती है। ऐसा होने पर यह 4 मीटर से लंबी Hyundai की पहली सीएनजी कार होगी।

डिजाइन के मामले में भारत में आने वाला मॉडल ग्लोबल वर्जन से अलग हो सकता है। फीचर्स की बात करें तो इसमें Venue से प्रेरित कर्व्ड डुअल-स्क्रीन सेटअप, तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, सनरूफ, वायरलेस चार्जर, लेवल-2 ADAS और 360-डिग्री कैमरा मिलने की उम्मीद है।

इस साल के अंत तक आएगी MPV YMC

Maruti Suzuki की नई इलेक्ट्रिक MPV YMC को इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। करीब 4.5 मीटर लंबी इस गाड़ी का मुकाबला Kia Carens Clavis EV से होगा। इसे 6 और 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में पेश किए जाने की उम्मीद की जा रही है।

रिपोर्ट्स की मानें तो YMC में Maruti eVitara के प्लेटफॉर्म और पावरट्रेन का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें एंट्री-लेवल वेरिएंट के साथ 49kWh बैटरी पैक और ऊंचे वेरिएंट में 61kWh बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है। इसकी ड्राइविंग रेंज 500 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है।

फीचर्स के तौर पर इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जर, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ड्राइवर सीट और कई एयरबैग दिए जा सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article