AIMIM Chief Asaduddin Owaisi Exclusive: एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। यूपी चुनाव की तैयारियों में जुटे ओवैसी ने टाइम्स नाउ नवभारत से बात करते हुए सीधे-सीधे शब्दों में अखिलेश पर आरोप लगाया कि वो बीजेपी के साथ साठ-गांठ किए हुए हैं। ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव बात पीडीए की करते हैं, लेकिन टिकट बीजेपी के आदमी को देते हैं।
अखिलेश पर ओवैसी ने लगाए भाजपा से मिले होने का आरोप
अखिलेश यादव ने धनराज परिमल नाथवानी को राज्यसभा भेजा है, धनराज परिमल नाथवानी के पिता परिमल नाथवानी हैं, जो भाजपा के सहयोग से राज्यसभा गए थे। इसी को लेकर ओवैसी ने हमला बोलते हुए कहा, " नाथवानी हमारा भाई है? नाथवानी के पिताजी, इंडिया एलायंस के विधायकों को खरीद कर, राज्यसभा पहुंचे। इन्होंने जिसे अपना उम्मीदवार बनाया वह पब्लिकली नरेंद्र मोदी के 25 साल पूरा होने पर बधाई देता है । यह अमित शाह के करीबी है। तो आप बीजेपी के आदमी को लाकर अपना कैंडिडेट बना रहे हैं और दुनिया को PDA और सेकुलरिज्म की बात करते हैं। बिल्ली जब दूध पीती है तो आंख बंद करके पीती है, उसे लगता दुनिया नहीं देख रही है। हम जानते है कि अखिलेश यादव किसका दूध पी रहें है..।"
आर्थिक असमानता पर योगी सरकार को घेरा
योगी आदित्यनाथ के '80-20' के समीकरण पर सवाल पूछे जाने पर ओवैसी ने कहा, "इस बार 80-20 का कार्ड नहीं चलेगा। देश में सामाजिक और आर्थिक असमानता इस हद तक बढ़ चुकी है कि भारत की केवल 1 फीसदी आबादी के पास देश की 40 फीसदी से ज्यादा संपत्ति है, जबकि बाकी 99 फीसदी जनता के पास कुछ नहीं है। न शिक्षा है, न रोजगार। आज आम जनता इस असमानता से परेशान है।"
इंडिया अलायंस के प्रदर्शन से बनाई दूरी
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक (INDIA Alliance) द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए एआईएमआईएम अध्यक्ष ने साफ किया कि वे इस गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा, "वह उनका अपना प्रदर्शन है। मैं 'इंडी अलायंस' का हिस्सा नहीं हूं, इसलिए उस प्रदर्शन से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।"
