Baghpat News: बागपत में मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक घटना में टेंट कारोबारी और उनके 30 वर्षीय इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार होकर तीन हमलावर कारोबारी की दुकान पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर पिता और पुत्र बैठे हैं, एक बदमाश ने पिस्टल से दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बाजार में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। हमलावर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए, लेकिन इस दौरान एक राहगीर भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कारोबारी और उनके बेटे को मृत घोषित कर दिया।
छह महीने पहले ही हुई थी मृतक युवक की शादी
बताया जा रहा है कि मृतक युवक की शादी छह महीने पहले ही हुई थी और उसकी पत्नी दो महीने की गर्भवती है। हादसे के बाद परिवार में केवल महिलाएं ही बची हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने इस वारदात के लिए वरुण लुहारी और उसके गिरोह पर आरोप लगाया है। डबल मर्डर से आक्रोशित व्यापारियों ने बड़ौत बाजार बंद कर दिया और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, साथ ही आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख एसपी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार व व्यापारियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
बाप-बेटे पर हुई अंधाधुंध फायरिंग
बड़ौत निवासी सोहनलाल अग्रवाल (50) टेंट व्यवसाय से जुड़े थे और उनकी दुकान बड़ौत बस अड्डे के पास स्थित थी। परिवार में उनकी पत्नी ऊषा (48), इकलौता बेटा विकास (30) और बहू नेहा (28) रहते हैं। विकास की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी। मंगलवार शाम किसी काम से विकास अपने पिता सोहनलाल से मिलने दुकान पर पहुंचे थे, जहां दोनों अंदर बैठे हुए थे। करीब साढ़े 6 बजे दो बाइक पर सवार होकर तीन हमलावर वहां पहुंचे। एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर दुकान के अंदर झांककर देखा और जैसे ही उसे सोहनलाल और विकास दिखाई दिए, उसने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में सोहनलाल को सीने में गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बदमाश से पिस्टल छीनने की कोशिश की
इसके बाद विकास किसी तरह बाहर की ओर भागे और एक बदमाश से भिड़ गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने बदमाश से पिस्टल छीनने की कोशिश की, जिससे गलती से चली गोली में एक हमलावर भी घायल हो गया। तभी दूसरा बदमाश पीछे से आया और विकास को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। घबराकर दोनों हमलावर फायरिंग करते हुए भागने लगे, इसी दौरान उनकी गोली एक राहगीर रोहित (35) को लग गई, जो घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले के पीछे वरुण लुहारी गैंग का हाथ
विकास के चचेरे भाई वरुण अग्रवाल ने बताया कि इस हमले के पीछे वरुण लुहारी गैंग का हाथ है। उन्होंने कहा कि विकास की शादी मात्र छह महीने पहले हुई थी और परिवार पर करीब नौ साल पहले भी हमला हो चुका है, लेकिन उस समय उन्हें पुलिस सुरक्षा नहीं मिल सकी। उनका आरोप है कि इस बार भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण बदमाशों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। वरुण अग्रवाल के अनुसार घटना में लगभग 10 हमलावर शामिल थे और सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह तक कहा कि आरोपियों का जल्द से जल्द एनकाउंटर किया जाए।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर लगा जाम
इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय व्यापारियों ने दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान विकास की पत्नी नेहा और उनकी मां भी मौके पर पहुंचीं और सड़क पर बैठकर न्याय की मांग करने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर एसपी सूरज राय मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सोहनलाल और वरुण लुहारी के बीच रंजिश की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। बताया जाता है कि उस समय सोहनलाल की दुकान के पास शराब की दुकान थी, जहां वरुण लुहारी के आने पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। यह विवाद बाद में हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच पुरानी दुश्मनी चली आ रही थी। एसपी सूरज राय ने जानकारी दी कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
