शहर

बद्रीनाथ धाम में टूट सकते हैं कई सालों के रिकॉर्ड, अब तक 13 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड के श्री बद्रीनाथ धाम में इस बार बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। अब तक 13,42,609 तीर्थयात्री भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर चुके हैं। जिसे देखते हुए इस बार यात्रा में पिछले कई सालों के रिकॉर्ड टूटने की संभावना जताई जा रही है।

Image

Badrinath Dham Yatra

Photo : Times Now Digital

Badrinath Dham Yatra: उत्तराखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम में इस साल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चारधाम यात्रा के बीच बद्रीनाथ धाम की यात्रा ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है। मंदिर में अब तक 13 लाख 42 हजार 609 श्रद्धालु आ चुके हैं और भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार पिछले कई सालों के रिकॉर्ड टूटने की संभावना जताई जा रही है।

टूट सकते हैं पिछले कई सालों के रिकॉर्ड

बद्रीनाथ धाम के पास स्थित बामणी गांव के समाजसेवी रामनारायण भंडारी ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोजाना धाम पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान हर दिन रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों की बढ़ती तादाद का सीधा लाभ स्थानीय लोगों को भी मिल रहा है। इससे होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, टैक्सी संचालक, दुकानदार और अन्य छोटे-बड़े कारोबारियों के व्यवसाय में लाभ देखने को मिल रहा है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

मंदिर समिति ने बढ़ाईं तैयारियां

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) भी पूरी तरह सतर्क है। मंदिर समिति दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटी हुई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों में से एक बद्रीनाथ धाम में इस बार जिस तेजी से श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं, उसे देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि यात्रा समाप्त होने तक मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या नया रिकॉर्ड बना सकती है। प्रशासन और मंदिर समिति भी यात्रा के सुचारु संचालन के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article