शहर

पेड़ पर अजगर, प्लॉट में कोबरा...हरदोई में मचा हड़कंप; वन विभाग ने लिया एक्शन

हरदोई जिले में लगातार दो दिनों तक बड़े आकार के सांप दिखने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। पहले एक खाली प्लॉट में 8 फीट का कोबरा नजर आया, और उसके अगले ही दिन एक पेड़ पर भारी-भरकम अजगर देखा गया। अचानक हुई इन घटनाओं से स्थानीय लोग सतर्क हो गए हैं और वन विभाग की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।

Image

हरदोई में कोबरा और अजगर दिखने से दहशत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में इन दिनों सांपों के दिखाई देने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक, बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में रविवार और सोमवार को दो बड़े सांप मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। एक ओर जहां खाली पड़े प्लॉट में 8 फीट लंबा कोबरा दिखाई दिया, वहीं अगले ही दिन एक पेड़ पर बैठा भारी-भरकम अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार को कन्नौज रोड पर हरिश्चंद्र राठौर के ढाबे के पास लोगों ने एक काले कोबरा को खेत में देखा।

बताया जा रहा है कि, प्लॉटिंग कार्य में लगे लोगों ने सांप दिखते ही शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। जानकारी वन विभाग तक पहुंचाई गई, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग एक घंटे तक विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी रही। बाद में अधिकारियों ने बताया कि उन्हें देर से सूचना मिली थी और जल्द ही टीम भेजी जाएगी। इधर सोमवार को जरौली नेवादा रोड स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री के सामने एक पेड़ पर बड़े आकार का अजगर दिखाई दिया। ऐसे में, लोग इकट्ठा हो गए और मामला वन विभाग तक पहुंचा।

टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी कोशिशों के बाद पेड़ की डाल काटकर अजगर को सुरक्षित नीचे उतारा गया। कर्मी राहुल के अनुसार यह अजगर करीब 8 फीट लंबा और लगभग 40–45 किलो वजनी था। टीम के रेस्क्यू के बाद इसे जंगल में छोड़ने की तैयारी की गई। लगातार दो दिनों में दो बड़े सांप मिलने की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने सतर्कता बरतते हुए सांपों को नुकसान से बचाने की कोशिश की, वहीं वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article