शहर

आजमगढ़ में पूजा के दौरान खूनी खेल,पंडितों से मांगा आधार कार्ड फिर कर दी फायरिंग;पत्नी समेत तीन की मौत

आजमगढ़ के शंभूपुर गांव में पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग से आरोपी की पत्नी समेत दो पंडितों की मौत की सूचना है।फायरिंग के बाद आरोपी तीन बच्चों के साथ कमरे में बंद है, जिसमें छह महीने की बच्ची भी शामिल है।

Image

आजमगढ़ में पूजा के दौरान खूनी खेल।(सांकेतिक-फोटो)

आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान विवाद के बाद हुई फायरिंग में तीन लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में आरोपी अरविंद सिंह की पत्नी बबीता और दो पंडित शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अरविंद सिंह के घर में मंगलवार शाम पूजा चल रही थी। घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर लौटा। घर में पूजा होते देख उसने पंडितों से पूछताछ की। इसी दौरान उसने पंडितों से आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया।

आधार कार्ड को लेकर अरविंद और पंडितों के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी। गोलीबारी में उसकी पत्नी बबीता के अलावा पंडित महेंद्र पाठक और एक अन्य पंडित के घायल होने की जानकारी सामने आई। बाद में तीनों की मौत की सूचना मिली।

फायरिंग के बाद भाग निकले अन्य पंडित

घटना के समय घर में मौजूद अन्य पंडित फायरिंग होते ही मौके से भाग निकले। गोली चलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पुलिस ने मौके से हथियार और फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि, मौतों की संख्या और घटना के पूरे कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

तीन बच्चों के साथ कमरे में बंद आरोपी

घटना के बाद आरोपी अरविंद सिंह अपने तीन बच्चों के साथ एक कमरे में बंद बताया जा रहा है। मौके पर पहुंचे एडीजी वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने मीडिया को बताया कि पुलिस सभी को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। एडीजी के मुताबिक,आरोपी के साथ कमरे में तीन बच्चे हैं। इनमें छह महीने की मासूम बच्ची भी शामिल है। पुलिस की प्राथमिकता आरोपी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और आरोपी को बच्चों के साथ सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली जा रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article