शहर

राम मंदिर चंदा चोरी मामला: आरोपी के ठिकाने से मिला 'रामराज्य कोष' का बक्सा, ठगी के लिए लगा था QR कोड

Ram Mandir Donation Row: अयोध्या में राम मंदिर वित्तीय अनियमितता मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक योग केंद्र में छापेमारी कर आरोपी अविनाश शुक्ला के ठिकाने से एक बक्सा बरामद किया है, जिस पर 'रामराज्य कोष' लिखा है और क्यूआर कोड चिपका हुआ है।

Image

राम मंदिर चंदा चोरी मामला (फोटो: एआई इमेज)

Ram Mandir Donation Row: राम मंदिर वित्तीय अनियमितता मामले में एक आरोपी के ठिकाने से पुलिस ने एक बक्सा बरामद किया है, जिसपर ’रामराज्य कोष’ (Ramrajya Kosh Box) लिखा है और क्यू.आर. कोड चिपका हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने अयोध्या के एक योग केंद्र से यह बक्सा बरामद किया है, जहां आरोपी अविनाश शुक्ला पिछले 10 साल से रह रहा था। केंद्र में तैनात योग प्रशिक्षक सुंदर लाल ने बताया कि पुलिस ने पांच जून को छापेमारी करके सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी।

उन्होंने बताया कि इसका वीडियो अब वायरल हुआ है। लाल ने कहा, "पुलिस अविनाश को साथ लेकर आई थी और हमें उस जगह से बाहर निकाल दिया जहां वह रह रहा था। पुलिस के जाने के बाद हमें पता चला कि अविनाश के पास से पांच लाख रुपये बरामद हुए हैं।" अधिाकरियों के मुताबिक पुलिस को योग केंद्र से जो बक्सा मिला है उस पर लाल रंग से ’रामराज्य कोष’ लिखा हुआ था और उसपर एक क्यू.आर. कोड भी चिपका हुआ था।

    पुलिस ने लव कुश के पिता बच्चू लाल मिश्रा को लिया हिरासत में

    इस बीच, पुलिस ने रूदौली कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरान फगोली गांव के निवासी एक अन्य आरोपी लवकुश मिश्रा के घर पर छापा मारकर सघन तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक छापेमारी के दौरान पुलिस ने पशुओं के लिए रखे सूखे चारे की तलाशी ली और भूसे के ढेर के अंदर भी देखा।

    उन्होंने बताया कि इससे पहले 28 जून को भी पुलिस ने मिश्रा के मकान पर जाकर उसके परिजन से पूछताछ की थी। अधिकारियों के मुताबिक पुलिस ने लव कुश के पिता बच्चू लाल मिश्रा को हिरासत में ले लिया है।

    पुलिस को अब तक कितना मिला पैसा?

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों लवकुश मिश्रा के पास से 14 लाख 25 हजार रुपये, अनुकल्प मिश्रा के पास से 16 लाख 82 हजार रुपये और अविनाश शुक्ला से 20 लाख 39 हजार रुपये बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा आरोपियों करुणेश पांडे के पास से 18 लाख सात हजार रुपये, रमाशंकर मिश्रा के पास से सात लाख 32 हजार रुपये और रामशंकर यादव टिन्नू के पास से एक लाख रुपये बरामद किये जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लगभग 11 ग्राम सोना, लगभग 375 ग्राम चांदी और 1121 डॉलर भी बरामद किए गए हैं।

    monu jha
    मोनू झाauthor

    मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

    और पढ़ें
    End of Article