Ram Mandir Donation Row: अयोध्या के भव्य श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे और दान राशि के कथित गबन का मामला अब बेहद गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने इस मामले में एक बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। कटियार ने सीधे तौर पर दावा किया है कि राम मंदिर के चंदे में भारी हेराफेरी हुई है और आने वाले दिनों में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, प्रशासक गोपाल राव और पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा जेल जा सकते हैं। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में विनय कटियार ने कहा कि उन्होंने इस पूरे गंभीर विषय को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी सीधे चर्चा की है।
"मैंने मोदी जी को सब बता दिया है..."
विनय कटियार ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पूरी तरह साफ है कि धन का गबन किया गया है। मैंने इस मामले पर व्यक्तिगत रूप से मोदी जी से बात की थी। उन्होंने मुझसे पूछा कि आगे भविष्य में क्या होगा? इस पर मैंने उन्हें आश्वस्त किया कि सब ठीक हो जाएगा, लेकिन इस बात की पूरी संभावना है कि इस मामले में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा जो किसी कारण से बच गए हैं, हो सकता है कि आने वाले दिनों में ये सब जेल जाएं।
उन्होंने ये भी कहा, "हमने उस स्थान के लिए बलिदान दिया है। आंदोलन के दौरान हमारे 7-8 लोग शहीद हुए थे। कल्याण सिंह जी एक बहुत अच्छे शासक और कुशल प्रशासक थे।"
SIT जांच का बढ़ा दायरा, 15 दिन की मोहलत और मिली
इस बीच, राम मंदिर दान राशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को लेकर भी बड़ा अपडेट आया है। मामले की गहराई को देखते हुए SIT का कार्यकाल 15 दिनों के लिए और बढ़ा दिया गया है। कार्यकाल विस्तार का मुख्य उद्देश्य जांच के दायरे को और बढ़ाना है ताकि इस पूरे सिंडिकेट और हर एक एंगल की सघन जांच की जा सके। प्रशासन का साफ कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
