Ayodhya News: आयोध्या से हवाई सेवा शुरू होने का इंतजार अब खत्म हो गया है। मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन कर तैयार हो चुका है। इस एयरपोर्ट पर 30 दिसंबर को पहली उड़ान दिल्ली से लैंड करेगी। इससे पहले पीएम मोदी इसका लोकार्पण करेंगे। पीएम मोदी अयोध्या एयरपोर्ट सहित करीब 18 हजार करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
6 जनवरी से शुरू होगी कमर्शियल उड़ानें
इंडिगो ने कहा कि दिल्ली से पहली वाणिज्यिक फ्लाइट 6 जनवरी को अयोध्या के लिए उड़ान भरेगी, जबकि इसके बाद 11 जनवरी से अहमदाबाद से उड़ान शुरू होगी। दिल्ली से 6 से 9 जनवरी तक रोजाना केवल एक ही उड़ान अयोध्या जाएगी, लेकिन 10 जनवरी से दिल्ली-अयोध्या के बीच इंडिगो रोजाना उड़ान शुरू करेगा। अहमदाबाद के लिए हफ्ते में तीन दिन उड़ान संचालित की जाएगी। हालांकि बाद में पैसेंजर संख्या बढ़ने पर इसमें बढ़ोतरी की जा सकती है। इंडिगो एयरलाइंस के मुताबिक, यूपी के अयोध्या के लिए फ्लाइट के संचालन की शुरुआत के साथ ही यह कंपनी का 86वां घरेलू और कुल 118वां डेस्टिनेशन बन जाएगा।
22 जनवरी को होगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह
अयोध्या में राम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य मंदिर का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। मंदिर का उद्घाटन और राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह 22 जनवरी 2024 को होगा, जिसमें पीएम मोदी भी भाग लेंगे। राम मंदिर उद्घाटन से पहले और बाद में अयोध्या में श्रीराम भक्तों के लाखों की संख्या में उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।
