शहर

Jharkhand News: हजारीबाग में दिनदहाड़े बैंक पर धावा, हथियारबंद बदमाशों ने 7 करोड़ के जेवर और लाखों की नकदी लूटकर मचाई सनसनी

झारखंड के हजारीबाग में दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी घटना सामने आई है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने करोड़ों का माल लूट लिया। आरोपियों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट की और सुनियोजित तरीके से लॉकर खाली कर फरार हो गए।

Image

हजारीबाग में दिनदहाड़े बैंक डकैती

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Hazaribagh Bank Loot: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही क्षेत्र में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। करीब पांच हथियारबंद बदमाश बैंक में घुसे और लगभग 7 करोड़ रुपये का सोना तथा करीब 5 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, सभी बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे ढक रखे थे। एक आरोपी हेलमेट पहने हुए था, जबकि बाकी ने मास्क और गमछे से चेहरा छिपाया हुआ था। उनके पास देशी हथियार भी थे। बैंक में घुसते ही अपराधियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बना लिया और जबरन लॉकर खुलवाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

7-8 महीने पहले ही शुरू हुई थी ब्रांच

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सोना और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने बैंक को बाहर से बंद कर दिया, जिसके चलते कुछ समय तक किसी को घटना की भनक तक नहीं लग सकी। घटना जिस सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई, उससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को बैंक की पूरी जानकारी पहले से थी और इसमें किसी अंदरूनी व्यक्ति की मदद भी हो सकती है। गौरतलब है कि यह बैंक शाखा महज 7-8 महीने पहले ही शुरू हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

डेप्युटी मैनेजर ने क्या कहा?

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए डेप्युटी मैनेजर (उप-प्रबंधक) रौशन सिन्हा ने बताया कि दोपहर में लंच के बाद सभी कर्मचारी मीटिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्ति बैंक में आए और करेंट एकाउंट खुलवाने की बात कही। थोड़ी देर में दो अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद सभी आरोपियों ने कर्मचारियों को बैठने के लिए कहा और अचानक ब्रांच हेड अजय राम के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने कैश दिखाने को कहा। डर के कारण कर्मचारियों ने कैश काउंटर खोल दिया। फिर आरोपियों ने लॉकर खुलवाया, जिसमें करीब 7 करोड़ रुपये के आभूषण रखे थे। लुटेरे काउंटर में मौजूद लगभग 5 लाख रुपये नकद और सभी जेवर लेकर फरार हो गए।

पूरी वारदात को अंजाम इतने टाइम में दिया अंजाम

रौशन सिन्हा के मुताबिक, इस वारदात में कुल 5 अपराधी शामिल थे, जिनमें से 4 ने अपने चेहरे ढक रखे थे। उन्होंने यह भी बताया कि जब कर्मचारियों ने लॉकर खोलने में आनाकानी की, तो बदमाशों ने दो कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद सभी कर्मचारियों को लॉकर रूम में बंद कर दिया गया और अपराधी फरार हो गए। बताया गया कि आरोपी करीब 3:15 बजे बैंक में दाखिल हुए थे और लगभग 20 मिनट तक अंदर रहकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article