Amroha Accident News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रविवार को कोहरे का कहर देखने को मिला। गजरौला थाना क्षेत्र के एनएच-10 पर आज सुबह कम विजिबिलिटी के कारण करीब 10 वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया।
घने कोहरे के कारण टकराए वाहन
जानकारी के अनुसार यह हादसा इतना जबरदस्त था कि हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात भी बाधित रहा। सुबह कोहरा इतना घना छाया हुआ था कि कुछ दूरी पर देखना भी मुश्किल हो रहा था। कम विजिबिलिटी के कारण आगे चल रहे वाहनों की दूरी का सही अंदाजा ही नहीं लग सका, जिसके चलते एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
पुलिस के अनुसार हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा रहा। कम विजिबिलिटी के कारण वाहनों की टक्कर हुई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। जिसके बाद यातायात को फिर से चालू किया गया। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
