West Bengal Election Result 2026: केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह को आधुनिक राजनीति का चाणक्य कहा जाता है। माना जाता है कि उनकी रणनीतियों के चलते पार्टी को लगातार सफलता मिलती है। लेकिन वह सिर्फ चाणक्य ही नहीं, बल्कि बंगाल चुनाव को लेकर भविष्यवक्ता भी बन गए। उनकी भविष्यवाणी सच साबित हुई और पश्चिम बंगाल में पार्टी 190 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने की ओर अग्रसर है। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण का मतदान समाप्त होने के बाद कहा था कि अंग-बंग-कलिंग तीनों क्षेत्रों में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
अमित शाह (Amit Shah) ने पहले चरण के मतदान के बाद 24 अप्रैल को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। 23 अप्रैल को हुए पहले चरण की 152 सीटों पर बंपर वोटिंग हुई और मतदान का प्रतिशत 92 फीसद से अधिक दर्ज किया गया। पहले चरण में बंपर वोटिंग से ही भाजपा काफी खुश थी और उसे जीत की खुशबू आ गई थी। अमित शाह ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि पहले चरण में ही पार्टी को 110 से ज्यादा सीटें मिल रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह ने अंग, बंग व कलिंग का जिक्र किया था।
केंद्रीय गृहमंत्री ने भाजपा को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलने का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि यहां का मतदान प्रतिशत यह दिखाता है कि लोगों का लोकतंत्र पर भरोसा और उत्साह बढ़ा है। उन्होंने पहले चरण के सभी मतदाताओं को धन्यवाद किया और दूसरे चरण के मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान की अपील भी की। बता दें कि दूसरे चरण में भी 92 फीसद से अधिक मतदान हुआ था।
अंग, बंग व कलिंग पर क्या बोले अमित शाह?
मीडिया के प्रश्नों के उत्तर देते हुए अमित शाह ने उस समय कहा था कि 4 मई को 'दीदी' जाने वाली है, बीजेपी आने वाली है। इसी दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल में हमारा प्रचंड बहुमत आ रहा है और अंग, बंग व कलिंग तीनों क्षेत्रों में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। उनके इस बयान से यह तो आप समझ ही गए होंगे कि बंग का मतलब बंगाल यानी पश्चिम बंगाल है। उसी पश्चिम बंगाल में भाजपा को आज 190 सीटें तक मिलने के रुझान हैं।
अंग में भाजपा की सरकार?
अंग प्रदेश बहुत से लोगों ने शायद महाभारत में सुना होगा। दुर्योधन ने अपने मित्र कर्ण को अंग प्रदेश का ही राजा बनाया था। इस क्षेत्र में अंगिका बोली जाती है। प्राचीन भारतीय राज्य 'अंग प्रदेश' 16 महाजनपदों में से एक था और यह भारतीय उप-महाद्वीप के पूर्वी हिस्से में मौजूद था। आज के लिहाज से बात करें तो इसमें बिहार के भागलपुर और मुंगेर के साथ ही झारखंड और पश्चिम बंगाल के भी कुछ हिस्से भी आते हैं। इस लिहाज से अंग प्रदेश में भाजपा की सरकार है, क्योंकि बिहार में NDA की सरकार है और भाजपा के सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री हैं। हालांकि, अंग प्रदेश का कुछ हिस्सा मौजूदा झारखंड में भी था और वहां भाजपा सरकार नहीं है।
कलिंग में भाजपा की स्थिति?
जब भी कलिंग की बात होती है तो महान सम्राट अशोक की याद आना लाजिमी है। ईसा से 261 साल पहले मौर्य साम्राज्य के इस महान राजा ने कलिंग युद्ध में जीत दर्ज की थी। लेकिन यहां हुए रक्तपात के बाद अहिंसा का मार्ग और बौद्ध धर्म अपना लिया था। आज के लिहाज से बात की जाए तो कलिंग का क्षेत्र मौजूदा ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्यों का हिस्सा है। इनमें से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भाजपा सत्ता में है, जबकि आंध्र प्रदेश में NDA की उसकी अहम सहयोगी तेलगू देसम पार्टी की सरकार है।
जब अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की धरती से अंग बंग और कलिंग की बात कही तो उनका सीधा मतलब बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से था। बिहार और ओडिशा में तो पहले से ही भाजपा सत्ता में है, आज पश्चिम बंगाल में भी भाजपा ने चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल किया है। इस तरह से देखा जाए तो अमित शाह चाणक्य के साथ-साथ भविष्यवक्ता भी हैं।
