शहर

पंजोखरा साहिब विवाद: अंबाला में सिख संगत ने जाम किया हाईवे, FIR के बाद भी नहीं थमा विरोध, तो पुलिस ने किया लाठीचार्ज

अंबाला के पंजोखरा साहिब विवाद में गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ FIR की मांग को लेकर सिख संगत ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

Image

पंजोखरा साहिब विवाद में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प

अंबाला : पंजोखरा साहिब विवाद मामले में आज सुबह से ही स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी रही। गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग को लेकर भारी संख्या में सिख संगत हाईवे पर उतर आई और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है।

सुबह से शुरू हुआ प्रदर्शन और जाम

सिख संगत की मांग थी कि पंजोखरा साहिब विवाद मामले में गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। कई दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई न होने पर एक बैठक बुलाई गई, जिसमें पंजाब से भी संगत पहुंची और नेशनल हाईवे जाम करने का ऐलान किया गया। जब संगत गुरुद्वारा साहिब से हाईवे की तरफ बढ़ी, तो पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर दी और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी आगे निकले और हाईवे जाम कर दिया। बढ़ते दबाव के बीच शाम तक पुलिस ने मंड के खिलाफ FIR दर्ज कर ली, जिससे प्रदर्शन समाप्त होने की उम्मीद जगी थी।

युवाओं की रिहाई को लेकर अड़े प्रदर्शनकारी

FIR दर्ज होने के बाद सिख संगत ने एक नई मांग रख दी। उनका कहना था कि पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए सिख युवाओं को तुरंत रिहा किया जाए। इस मांग को लेकर पुलिस और सिख प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन हर बार वार्ता बेनतीजा रही।

आंसू गैस, लाठीचार्ज और तनाव

जैसे-जैसे रात हुई, हाईवे पर पुलिस बल की मौजूदगी और बढ़ गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ता खाली करने के आदेश दिए, लेकिन जब बात नहीं बनी तो स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई के बाद हाईवे पर मौजूद संगत को हटाकर जाम खुलवा दिया गया।

इस पूरी झड़प और कार्रवाई के दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पंजोखरा साहिब विवाद को लेकर तनाव अभी पूरी तरह थमा नहीं है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि हिरासत में लिए गए युवाओं को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं और प्रशासन की अगली कार्रवाई क्या होगी।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article