शहर

कुरुक्षेत्र में धर्म परिवर्तन के नाम पर बरगलाने की कोशिश, VHP-बजरंग दल ने किया विरोध प्रदर्शन; पुलिस ने संभाला मोर्चा

कुरुक्षेत्र में लालच और प्रलोभन देकर लोगों का गैर-कानूनी तरीके से धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने हरियाणा विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन निवारण अधिनियम 2022 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

शिकायत के बाद कुरुक्षेत्र पुलिस ने मामला दर्ज किया

Photo : iStock

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में लोगों को भ्रमित कर गैर-कानूनी तरीके से धर्म परिवर्तन कराने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इसमें लोगों को धन, मुफ्त शिक्षा, बीमारियों का चमत्कारिक इलाज और शादी के झूठे वादों जैसे लालच और प्रलोभन देकर बरगलाने की कोशिश की जा रही थी। इस मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया और इसके बाद पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। हरियाणा पुलिस द्वारा हरियाणा विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन निवारण अधिनियम 2022 (Act 2022) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सभा आयोजित कर धर्म परिवर्तन कराने की सूचना

आदर्श थाना के SHO सुरेंद्र संधू ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग एक गली में सभा आयोजित कर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां काफी संख्या में लोग एकत्रित थे। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि कुछ लोग पहले कश्मीरी लाल नामक व्यक्ति के घर पर एक सभा कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, कश्मीरी लाल पहले खुद धर्म परिवर्तन कर चुका है और उसके घर पर आयोजित सभा में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

शिकायतकर्ता अपनी शिकायत में क्या कहा?

शिकायतकर्ता रोहतास ने अपनी शिकायत में कहा कि उसने खुद यह बातें सुनी थीं। उसने यह भी आरोप लगाया कि बाद में व्यक्ति अन्य लोगों के साथ बाहर इकट्ठा होकर धर्म से संबंधित बातें बता रहे थे। इस दौरान कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और विरोध करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची। वहां काफी लोग जुट गए थे और विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article