शहर

अजित पवार के निधन के बाद NCP का अब क्या होगा, कौन संभालेगा उनके धड़े की पार्टी

NCP अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का एक प्लेन क्रैश में आज निधन हो गया। उनके निधन के बाद महाराष्ट्र में शोक की लहर है। इस बीच प्रश्न ये है कि अब NCP का नेतृत्व कौन करेगा? कौन पार्टी का अध्यक्ष बनेगा? चलिए जानते हैं कुछ प्रमुख नामों के बारे में -

Image

अब कौन संभालेगा NCP की कमान?

NCP अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आज यानी बुधवार 28 जनवरी को एक विमान हादसे में निधन हो गया। एक प्राइवेट विमान से उड़ान भर रहे अजित पवार का विमान उनके निर्वाचन क्षेत्र बारामती में क्रैश हो गया। विमान हादसे में अजित पवार सहित कुल 5 लोगों की मौत हो गई। अजित पवार के निधन के बाद अब बड़ा प्रश्न यह है कि उनकी पार्टी NCP का नेतृत्व कौन करेगा? साल 2023 में ही वह पार्टी के कई बड़े नेताओं, विधायकों और सांसदों के साथ अपने चाचा शरद पवार से अलग हुए थे। बाद में उनके धड़े को ही असली NCP माना गया और शरद पवार के साथ रहे धड़े का नाम बाद NCP (SC) रखा गया।

हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों के दौरान अजित पवार की NCP ने पुणे नगर निगम के लिए शरद पवार की NCP (SC) से गठबंधन भी किया था। हालांकि, इस गठबंधन को सफलता हाथ नहीं लगी। NCP में अजित पवार सबसे बड़े नेता थे और वह पार्टी अध्यक्ष भी थे। अब उनके निधन के बाद पार्टी के अध्यक्ष पद को लेकर जल्द ही अटकलें शुरू हो जाएंगी। चलिए जानते हैं पार्टी अध्यक्ष या नेतृत्व के लिए कौन से नाम आगे आ सकते हैं।

परिवार से ही अध्यक्ष

NCP एक क्षेत्रीय दल है और ऐसे क्षेत्रीय दलों में आमतौर पर परिवार से ही कोई नेतृत्व करता है और पार्टी अध्यक्ष बनता है। अगर एनसीपी इसी फॉर्मूले पर चलती है तो इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार का नाता है। हालांकि, उनके दो बेटे दो बेटे पार्थ पवार और जय पवार भी हैं, लेकिन उनके पास ज्यादा राजनीतिक अनुभव नहीं है। इसके अलावा उनके अध्यक्ष बनने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता असहज हो सकते हैं। (ये भी पढ़ें - अजित पवार से लेकर सिंधिया और संजय गांधी तक, इन बड़े नेताओं ने प्लेन क्रैश में गंवाई जान)

सबसे करीबी प्रफुल्ल पटेल

अजित पवार के बाद पार्टी का सबसे चर्चित और जाना-पहचाना चेहरा प्रफुल्ल पटेल का ही है। वह शुरुआती दिनों से ही पार्टी के साथ जुड़े हैं और जब अजित पवार, अपने चाचा शरद पवार से अलग हुए तो प्रफुल्ल पटेल उनके साथ चट्टान की तरह खड़े रहे। उन्होंने हर स्तर पर अजित पवार का साथ दिया, वह हमेशा अजित पवार के करीबी रहे। पार्टी का नेतृत्व करने के लिए वह सबसे मजबूत दावेदार हैं। फिलहाल वह राज्यसभा सांसद हैं और पूर्व में पार्टी व सरकार में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। ऐसे में जब अजित पवार इस दुनिया में नहीं रहे तो प्रफुल्ल पटेल अपने मजबूत कंधों पर पार्टी को उठाकर आगे की राह प्रशस्त कर सकते हैं। फिलहाल वह पार्टी के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट भी हैं। (ये भी पढ़ें - अजित पवार के परिवार में कौन-कौन हैं? राजनीति से बिजनेस तक फैला है फैमिली बैकग्राउंड)

महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे

सुनील तटकरे अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल के बाद पार्टी का सबसे ज्यादा जाना-पहचाना चेहरा हैं। फिलहाल वह रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से संसद में पार्टी का नेतृत्व करते हैं। सुनील दत्तात्रेय तटकरे पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हैं। पार्टी और राज्य सरकार में तटकरे कई अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article