दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों विवादों में हैं। उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा मामला अब चीन की कथित जासूसी और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ गया है। इस मामले में कंपनी ने भी जांच शुरू कर दी है। अमेरिकी कंपनी Nvidia के 63 वर्षीय CEO जेनसन हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को ईमेल भेजकर अपनी पत्नी, बच्चों और सहकर्मियों से माफी मांगी। उन्होंने लिखा कि उनके इस कदम से परिवार को दुख पहुंचा है और इसके लिए उनके पास कोई बहाना नहीं है। हालांकि, इस पूरे मामले ने तब ज्यादा गंभीर रूप ले लिया, जब उनका नाम सिंगापुर की कंपनी Megaspeed की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी एलिस हुआंग से जुड़ने लगा।
क्या है मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि एलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसी Ministry of State Security के लिए काम कर रही थीं। आरोप है कि वह जेनसन हुआंग के साथ अपने कथित करीबी रिश्ते का इस्तेमाल करके Nvidia से जुड़ी अहम जानकारियां हासिल करना चाहती थीं। अमेरिकी अधिकारियों को आशंका थी कि इस जानकारी का इस्तेमाल चीन को एडवांस AI चिप्स और सेमीकंडक्टर तकनीक तक पहुंच दिलाने के लिए किया जा सकता है। खास बात यह है कि एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है।
दरअसल, Megaspeed सिंगापुर की एक कंपनी है, जो Nvidia से AI चिप्स खरीदती है और दूसरी कंपनियों को कंप्यूटिंग पावर उपलब्ध कराती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कंपनी ने पिछले दो साल में Nvidia से करीब 4.8 अरब डॉलर के चिप्स खरीदे हैं। अमेरिकी अधिकारियों को यह भी शक रहा है कि कंपनी के जरिए एडवांस चिप्स चीन तक पहुंचाए जा सकते हैं, जबकि अमेरिका ने चीन को ऐसी तकनीक की सप्लाई पर कई तरह की पाबंदियां लगा रखी हैं।
Nvidia का क्या है कहना?
इस मामले के सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने स्वतंत्र जांच शुरू करने का फैसला किया है। इस जांच की जिम्मेदारी स्वतंत्र निदेशकों और बाहरी कानूनी विशेषज्ञों को दी गई है। कंपनी का कहना है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे यह माना जाए कि उसकी गोपनीय जानकारी या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा डेटा लीक हुआ है। जेनसन हुआंग भी जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं और फिलहाल CEO के पद पर बने रहेंगे।
यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि Nvidia दुनिया भर में AI तकनीक के विकास में बड़ी भूमिका निभा रही है। उसके चिप्स का इस्तेमाल AI मॉडल और बड़े डेटा सेंटर बनाने में होता है। ऐसे में कंपनी के शीर्ष अधिकारी से जुड़ा जासूसी का शक अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी तनाव को और बढ़ा सकता है।
