देश

अजित पवार से लेकर सिंधिया और संजय गांधी तक, इन बड़े नेताओं ने प्लेन क्रैश में गंवाई जान

Ajit Pawar Dies in Plane Crash: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आज एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया है। उनके निर्वाचन क्षेत्र बारामती में हुए इस विमान हादसे में अजित पवार सहित 5 लोगों की मौत की खबर है। विमान हादसे में देश के कई बड़े नेताओं ने जान गंवाई है। यहां हम उनकी लिस्ट दे रहे हैं -

Image

अजित पवार के अलावा इन नेताओं की जान प्लेन क्रैश में गई

Ajit Pawar Dies in Plane Crash: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का आज यानी बुधवार 28 जनवरी की सुबह बारामती में हुए एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया। विमान में अजित पवार सहित 5 लोग सवार थे। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए बारामती अस्पताल लाया गया,लेकिन अजित पवार को बचाया नहीं जा सका। हादसे की खबर मिलते ही उनकी बहन और चाचा शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले, सुनेत्र पवार और पार्थ पवार बारामती के लिए रवाना हो गए। इस तरह से प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले अजित पवार पहले राजनेता नहीं हैं। उनसे पहले भी कई बड़े नेताओं की प्लेन क्रैश में मौत हो चुकी है।

अजित पवार का प्लेन उसी बारामती में क्रैश हुआ, जहां से वह 1991 में लोकसभा चुनाव जीते। इसके बाद 1991 के उपचुनाव में उन्होंने बारामती से विधानसभा चुनाव लड़ा और फिर 1995, 1999, 2004, 2009, 2014, 2019 और 2024 में भी उन्होंने यहां से जीत दर्ज की। चलिए जानते हैं उन बड़े नेताओं के नाम जिन्होंने विमान हादसे में जान गंवाई।

संजय गांधी (1980)

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे और कांग्रेस नेता संजय गांधी का 23 जून 1980 में एक प्लेन क्रैश में निधन हुआ था। दिल्ली में सफदरजंग एयरपोर्ट के पास दिल्ली फ्लाइंग क्लब एयरक्राफ्ट में एक एरियल स्टंट के दौरान संजय गांधी का प्लेन पर से नियंत्रण खो गया और विमान क्रैश हो गया, जिसमें संजय गांधी का निधन हो गया।

माधवराव सिंधिया (2001)

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री माधव राव सिंधिया का 30 सितंबर 2001 को एक विमान हादसे में निधन हो गया। हादसे के समय वह एक राजनीतिक रैली के लिए कानपुर जा रहे थे। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी के पास खराब मौसम के चलते उनका 10 सीटर प्राइवेट एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया, जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता का निधन हो गया।

जीएमसी बालयोगी (2002)

3 मार्च 2002 को लोकसभा अध्यक्ष और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के वरिष्ठ नेता जीएमसी बालयोगी का चॉपर क्रैश हो गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय उनका चॉपर वेस्ट गोदावरी जिले में भीमावरम से आंध्र प्रदेश के ही कृष्णा जिले की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उनका हेलिकॉप्टर कैकलूर के पास एक तालाब में क्रैश हो गया, जिसमें जीएमसी बालयोगी का निधन हो गया।

सी संगमा (2004)

घटना 22 सितंबर 2004 की है, जब मेघालय के ग्रामीण विकास मंत्री सिप्रियन संगमा और 9 अन्य लोग पवन हंस के हेलिकॉप्टर में गुवाहाटी से शिलॉन्ग की तरफ जा रहे थे। इसा दौरान उनका चॉपर बारापानी लेक के पास क्रैश हो गया। यह क्रैश मेघालय की राजधानी से करीब 20 किमी दूर हुआ था।

वाईएस रेड्डी (2009)

आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी का साल 2009 में एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया। 2 सितंबर 2009 को खराब मौसम के कारण हुआ यह हादसा नल्लामला फॉरेस्ट में हुआ। हादसे के समय वह बेल 430 हेलीकॉप्टर में सवार थे।

दोरजी खांडू (2011)

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू और चार अन्य लोगों की 30 अप्रैल 2011 को एक विमान हादसे में मौत हो गई थी। हादसे के समय यह सभी हेलिकॉप्टर में सवार होकर दवांग से ईटानगर की ओर जा रहे थे। उनका हेलिकॉप्टर अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कमेंग जिले में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

विजय रूपानी (2025)

12 जून 2025 को गुजरात के अहमदाबाद में एक बड़ा विमान हादसा हुआ। जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपानी सहित 241 लोगों की जान चली गई थी। गुजरात में अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंततराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर लंदन जाने वाले वाले इस विमान में विजय रूपानी भी सवार थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान एक रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article