शहर

दिल्ली की हवा में घुला जहर! AQI 406 पहुंचा, शेली ओबेरॉय ने BJP सरकार को घेरा

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। ITO में AQI 406 दर्ज किया गया। पूर्व मेयर शेली ओबेरॉय ने जहरीली हवा को लेकर BJP सरकार पर निशाना साधते हुए ठोस कार्रवाई की मांग की।

Image

डॉ. शैली ओबराय ने दिल्ली AQI को लेकर BJP पर निशाना साधा (X/@ANI)

देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो चुकी है, जबकि कुछ जगहों पर AQI गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। सुबह के समय दिल्ली के कई हिस्से धुंध की मोटी चादर में ढके नजर आए। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने के साथ-साथ सड़कों पर देखने की दूरी यानी विजिबिलिटी भी कम हो गई है।

शेली ओबेरॉय ने BJP सरकार को घेरा

इस बीच दिल्ली की पूर्व मेयर और आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता शेली ओबेरॉय ने प्रदूषण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की हवा में जहर घुल चुका है और लोगों की सेहत पर इसका खतरा लगातार बढ़ रहा है। शेली ओबेरॉय ने सरकार से सवाल किया कि आखिर दिल्ली के लोगों को कब तक इस जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

शेली ओबेरॉय ने BJP सरकार से पूछे सवाल

शेली ओबेरॉय (Shelly Oberoi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राजधानी का AQI खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। हर सांस के साथ लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली को सिर्फ भाषण और बयान नहीं, बल्कि प्रदूषण कम करने के लिए ठोस कदमों की जरूरत है।

'दिल्ली को साफ हवा चाहिए, खोखले दावे नहीं'

सरकार को इस स्थिति का जवाब देना चाहिए और लोगों को साफ हवा उपलब्ध कराने के लिए काम करना चाहिए। शेली ओबेरॉय ने खास तौर पर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि जहरीली हवा का सबसे ज्यादा असर इन्हीं लोगों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को खोखले दावों की नहीं, बल्कि साफ हवा की जरूरत है।

दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। सबसे चिंताजनक स्थिति ITO इलाके में देखने को मिली। CPCB के अनुसार, ITO के वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन पर सुबह करीब 4:20 बजे AQI 406 दर्ज किया गया। 400 से ऊपर का AQI गंभीर श्रेणी में आता है। इस स्तर पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब मानी जाती है और लोगों की सेहत पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।

इसके अलावा राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी हवा की स्थिति अच्छी नहीं रही। आंकड़ों के मुताबिक:

  • ITO: सुबह 4:20 बजे AQI 406
  • राजीव चौक: रात 1:30 बजे AQI 381
  • दक्षिण एक्सटेंशन: सुबह 4 बजे AQI 360

इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा हुआ है।

धुंध की मोटी चादर से विजिबिलिटी भी हुई कम

दिल्ली के कई इलाकों में सुबह के समय धुंध की मोटी परत देखने को मिली। इंदरलोक समेत कई जगहों पर धुंध के कारण दूर तक देखना मुश्किल हो गया। सुबह सड़कों पर निकलने वाले लोगों को भी इसका सामना करना पड़ा। दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण अब हर साल सर्दियों के मौसम में बड़ी समस्या बन जाता है। खराब हवा का असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी परेशानी झेल रहे लोगों पर ज्यादा पड़ सकता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article