शहर

अजित पवार के परिवार में कौन-कौन हैं? राजनीति से बिजनेस तक फैला है फैमिली बैकग्राउंड

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार सुबह एक प्लैन क्रैश में मौत हो गई। वे शरद पवार के भतीजे थे। उनके परिवार में कौन-कौन हैं। उनकी पत्नी और बेटे क्या करते हैं, आइए जानते हैं:

Image

अजित पवार (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Ajit Pawar Family: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का प्लेन बुधवार को हादसे का शिकार हो गया। यह प्लेन बारामती जा रहा था, तभी रास्ते में कोई खराबी आने के कारण यह क्रैश हो गया। जिसमें अजित पवार समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आइए जानते हैं कि अजित पवार के परिवार में कौन-कौन है?

अजित पवार को लोग 'दादा' भी कहते हैं। वे महाराष्ट्र के दिग्गज नेता और एनसीपी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार के भतीजे हैं। जब शरद पवार की राजनीति में पकड़ मजबूत होने लगी, तब अजित पवार उनके साथ मुंबई आकर रहने लगे। चाचा के सान्निध्य और मार्गदर्शन में ही अजित ने सियासत की दुनिया में कदम रखा। उन्हें लंबे समय तक शरद पवार का सबसे करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता रहा, लेकिन समय के साथ उनकी राजनीतिक राहें अलग हो गईं।

अजित पवार के माता-पिता

अजित पवार के पिता का नाम अनंतराव पवार और मां का नाम आशा पवार था। अनंतराव पवार का नाता सिनेमा जगत से था। वे राजकमल स्टूडियो में दिग्गज फिल्म निर्माता वी. शांताराम के साथ काम किया करते थे। लेकिन अजित ने पिता की जगह अपने चाचा शरद पवार की तरह राजनीति का रास्ता चुना। पिछले साल उन्होंने अपने चाचा के खिलाफ बगावत की और भाजपा-एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना सरकार में शामिल हो गए।

अजित पवार की पत्नी और बेटे

अजित पवार की पत्नी का नाम सुनेत्रा पवार है। वे राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सुनेत्रा पवार एनसीपी की सदस्य हैं और महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद भी हैं। वे एनवायरनमेंटल फोरम ऑफ इंडिया की CEO और बारामती टेक्सटाइल कंपनी की अध्यक्ष भी हैं। अजित पवार के दो बेटे पार्थ पवार और जय पवार हैं। जय ने अपने लिए बिजनेस का करियर चुना, तो वहीं पार्थ ने पिता के कदम पर चलकर राजनीति का रास्ता चुना। उन्होंने 2019 में लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। वे महाराष्ट्र के मावल निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे थे। जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

अजित पवार के भाई-बहन

अजित पवार के दो भाई-बहन थे। उनके बड़े भाई का नाम श्रीनिवास पवार है। उन्होंने अपने लिए राजनीति की जगह बिजनेस की दुनिया को चुना। वहीं बहन विजया पाटिल ने मीडिया में अपना करियर बनाया। जिनकी 2017 में मृत्यु हो चुकी है। अजित पवार के अपने भाई से अच्छे संबंध रहे हैं। श्रीनिवास पवार परिवार के सारे आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। उनकी कंपनी का नाम शरयू ऑटोमोबाइल्स है। शरयु ग्रुप में ऑटोमोबाइल और एग्रीकल्चर से लेकर रियल एस्टेट समेत कई कंपनियां आती हैं। श्रीनिवास के बेटे का नाम योगेंद्र पवार है।

अजित पवार के चाचा

अजित पवार के बड़े चाचा शरद पवार के बारे में तो सभी जानते हैं, लेकिन उनके सबसे छोटे चाचा प्रतापराव पवार हैं। वे महाराष्ट्र के नामी मीडिया हाउस सकाल ग्रुप के चेयरमैन और एमडी हैं। व्यापार और उद्योग में योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2014 में पद्म श्री से भी सम्मानित किया था। वे पुणे के शिवाजीनगर स्थित कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पुणे के अध्यक्ष भी हैं। अजित के चाचा शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले भी एनसीपी की एक बड़ी नेता हैं। उनके पति का नाम सदानंद भालचंद्र सुले है। सुप्रिया के दो बच्चे हैं। उनकी बेटी का नाम रेवती और बेटे का नाम विजय है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article