शहर

Delhi Crime: बंद कमरे में मिला एयर इंडिया के पायलट का शव, परिजनों के लगातार फोन के बाद खुला सनसनीखेज राज!

Delhi Hotel Air India Pilot Death: दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक होटल में एयर इंडिया के एक पायलट मृत पाए गए। वह बोइंग 787 विमान उड़ाने की ट्रेनिंग के सिलसिले में दिल्ली आए हुए थे और लेओवर के दौरान होटल में ठहरे थे। जब परिजनों का फोन नहीं उठा, तो होटल स्टाफ ने मास्टर की से कमरा खोला, जहां वह बेसुध पड़े थे।

Image

दिल्ली के होटल में एयर इंडिया के पायलट की अचानक मौत

Photo : iStock

Delhi Hotel Air India Pilot Death: राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित एक होटल में एयर इंडिया के पायलट की अचानक मौत का दुखद मामला सामने आया है। पायलट बोइंग 787 विमान को उड़ाने की स्पेशल कन्वर्जन ट्रेनिंग के लिए दिल्ली आए हुए थे और होटल में लेओवर पर ठहरे थे। पुलिस को इस घटना की सूचना 11 सितंबर की शाम को मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पायलट पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस में अपनी सेवाएं दे रहे थे और हाल ही में बड़े बोइंग 787 विमानों के संचालन की ट्रेनिंग ले रहे थे। उन्होंने 10 सितंबर को वसंत कुंज के एक होटल में चेक-इन किया था। 11 सितंबर की शाम को जब पायलट के भाई ने लगातार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने परेशान होकर होटल मैनेजर से संपर्क किया। इसके बाद जब होटल के कर्मचारी कमरे के पास पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था।

शव को पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा

मास्टर की की मदद से जब कमरा खोला गया, तो पायलट अंदर अचेत और बेसुध हालत में पड़े मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने तुरंत क्राइम टीम को मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया, जहां 12 सितंबर को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

पुलिस क्या बोली?

शुरुआती जांच में पुलिस ने किसी भी तरह के फाउल प्ले या आपराधिक साजिश की आशंका को खारिज कर दिया है। पुलिस द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान के तौर पर इसे कार्डियक अरेस्ट से जोड़कर देखा जा रहा है। इस दुखद घटना पर एयर इंडिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा है कि वे दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के लगातार संपर्क में हैं तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article