शहर

मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, रनवे पूरी तरह खाली न होने पर एयर इंडिया की AI-816 फ्लाइट ने रोका टेकऑफ

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात सतर्कता के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। एयर इंडिया की मुंबई-दिल्ली उड़ान AI-816 ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश पर टेकऑफ रोक दिया, क्योंकि रनवे पूरी तरह खाली नहीं हुआ था।

Image

एयर इंडिया AI 816 का टेकऑफ रद्द

Photo : BCCL

Air India AI-816 Takeoff Aborted: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट AI-816 ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए टेकऑफ की प्रक्रिया बीच में ही रोक दी। बताया जा रहा है कि, विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। ऐसे में इसी दौरान पता चला कि इससे पहले लैंड हुआ एक अन्य विमान अभी तक रनवे को पूरी तरह खाली नहीं कर पाया था।

पायलट ने टेकऑफ रोल शुरू नहीं किया

एहतियातन एयर इंडिया के पायलट ने टेकऑफ रोल शुरू नहीं किया और विमान को आगे बढ़ाने के बजाय रोक दिया। इसके बाद फ्लाइट को वापस स्टैंड पर ले जाया गया, जहां आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना मंगलवार रात करीब 10:00 बजे से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। फिलहाल इस मामले में विस्तृत जानकारी जारी है।

एयर इंडिया ने कही ये बात

वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद एयर इंडिया ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि "7 जुलाई को मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI-816 के चालक दल ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश मिलने के बाद टेकऑफ की प्रक्रिया तत्काल रोक दी और विमान को वापस पार्किंग बे (Bay) में ले जाया गया।"

यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान व्यवस्था जारी

एयरलाइन ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि, मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान की जरूरी तकनीकी जांच की जाएगी। साथ ही यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान व्यवस्था की जा रही है। एयर इंडिया ने इस अप्रत्याशित स्थिति से यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि कंपनी के लिए यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सलामती सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वहीं मुंबई में हो रही भारी बारिश के कारण इन दिनों उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। बता दें कि सोमवार को दोपहर 3:30 बजे तक मुंबई हवाई अड्डे पर आने वाली पांच उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर उन्हें अन्य हवाई अड्डों पर भेजा गया।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article