शहर

अहमदाबाद के स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, ईमेल में अमित शाह और लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र; जांच में जुटी पुलिस

अहमदाबाद में बुधवार सुबह 10 स्कूलों को बम धमाके की धमकी भरे ईमेल मिले। सुबह 8:35 बजे आए इन ईमेल में दोपहर 1:11 बजे विस्फोट करने की बात लिखी गई थी और इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भी जिक्र किया गया था। धमकी के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

Image

अहमदाबाद और गांधीनगर के कुल 9 स्कूलों को मिली धमकी (AI Image)

Ahmedabad Schools Bomb Threat: अहमदाबाद में बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक शहर के कुल 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। गांधीनगर में भी कुछ स्कूलों को बम की धमकी मिली है। धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

सुबह 8:35 बजे मिले धमकी भरे ईमेल

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8:35 बजे कई स्कूलों को एक जैसे धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। ईमेल के सब्जेक्ट में दोपहर 1:11 बजे बम धमाके होने की बात लिखी गई थी। ईमेल में यह भी दावा किया गया कि धमाके स्कूल परिसरों से लेकर साबरमती जेल तक किए जाएंगे।

ईमेल में अमित शाह और लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र

धमकी भरे ईमेल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भी उल्लेख किया गया है। मेल में लिखा गया कि ये दोनों कथित तौर पर भेजने वालों के निशाने पर हैं। ईमेल की भाषा और शब्दों से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि इसे खालिस्तानी आतंकियों की ओर से भेजा गया हो सकता है। ईमेल में खालिस्तानी रेफरेंडम का जिक्र करते हुए कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से जुड़ी बातें भी लिखी गई हैं। धमकी देने वालों ने इसे अपने कथित मकसद से जोड़ते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट सीपी शरद सिंघल ने बताया कि अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसके बावजूद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं। स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली जा रही है और छात्रों व स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

Hiten Vithalani
हितेन विठलानीauthor

2011 में ANI मुंबई ब्यूरो में इंटर्न से शुरू हुआ सफर, 2012 में समय मुंबई में ट्रेनी प्रोड्यूसर तक पहुंचा लेकिन मंत्रालय में लगी आग के बाद से रिपोर्टर के तौर पर सफर की शुरुआत हुई। मुंबई से गुजरात चुनाव 2012 के बाद गुजरात के ही संस्था में अहमदाबाद में काम किया। ETV news Gujarati में जहां से 2015 में फिर एक बार मुंबई ब्यूरो गुजराती चैनल के लिए संभालने का मौका मिला । उसके बाद 2016 में गुजराती चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो संभालने का मौका मिला। 1 मई 2017 के दिन Zee media के साथ दिल्ली ब्यूरो में जुड़ा और Zee का गुजराती चैनल जो लॉन्च होना था Zee 24 Kalak जिसके लिए दिल्ली नेशनल ब्यूरो हेड करने का मौका मिला। लॉकडाउन के वक्त दिल्ली में ही रीजनल ब्यूरो से नेशनल ब्यूरो में काम करने का मौका मिला, Zee Hindustan ने काम को देखते हुए अपने साथ जोड़ लिया जिसमे किसान आंदोलन, सिद्धू मूसेवाला मर्डर, पंजाब चुनाव, यूपी चुनाव, बंगाल चुनाव से लेकर गुजरात चुनाव तक कवर किया। उसके बाद गुजरात में जी के साथ अहमदाबाद में बीजेपी और गुजरात सरकार बीट में काम काफी सालों बाद शुरू किया और अब 15 अप्रैल 2024 से Times Now Navbharat गुजरात ब्यूरो में अहमदाबाद में प्रिंसिपल correspondent के तौर पर काम कर रहा हूं।

और पढ़ें
End of Article